पंचायती जमीन विवाद में हैरान कर देने वाली हरकत: दादा ने पोती को JCB के आगे पटका, ड्राइवर ने बचाई जान
रेवाड़ी के ढाणी ठेठरबाढ़ गांव में पंचायती जमीन से कब्जा हटाने के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी डेढ़ साल की पोती को जेसीबी के आगे फेंक दिया। घटना का वीडियो सामने आया है और पुलिस जांच में जुटी है।
■ रेवाड़ी में दादा ने डेढ़ साल की पोती को JCB के आगे फेंका
■ पंचायती जमीन से कब्जा हटाने पहुंची थी प्रशासनिक टीम
■ वीडियो सामने आया, पुलिस ने जांच शुरू की
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के ढाणी ठेठरबाढ़ गांव में पंचायती जमीन से कब्जा हटाने गई प्रशासनिक टीम के सामने ऐसा दृश्य बना, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। कब्जा हटाने की कार्रवाई के विरोध में एक व्यक्ति ने अपनी ही डेढ़ साल की पोती को जेसीबी मशीन के आगे फेंक दिया। जेसीबी का पंजा बच्ची की छाती से कुछ ही इंच की दूरी पर था। गनीमत रही कि ड्राइवर ने तुरंत मशीन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस पूरी घटना का 33 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी दादा अपनी पुत्रवधू की गोद से बच्ची को छीनकर तेज कदमों से जेसीबी की ओर दौड़ता दिखाई देता है। कुछ ही पलों में वह बच्ची को मशीन के आगे पटक देता है। बच्ची को पटकते समय वह खुद भी जमीन पर गिर जाता है और फिर वहां से उठकर चला जाता है। मां तुरंत दौड़कर बच्ची को उठाती है और सीने से लगा लेती है।
क्या है पूरा पंचायती जमीन विवाद
गांव के होली चौक स्थित जमीन पर पूर्व सरपंच रत्न सिंह और उसके परिवार का करीब 40 वर्षों से कब्जा बताया जा रहा है। इस जमीन को लेकर पंचायत और परिवार के बीच लंबे समय से अदालत में विवाद चल रहा था। हाल ही में अदालत ने पंचायत के पक्ष में फैसला सुनाया था।
12 जनवरी को प्रशासन ने जमीन का कब्जा पंचायत को दिलवाया। 17 फरवरी को माता मंदिर के पास मिट्टी खोदाई का काम शुरू किया गया। प्रशासनिक टीम, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से काम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी उदय सिंह ने यह कदम उठाया।
वीडियो में क्या दिखा
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि आरोपी अचानक घर से निकलकर अपनी छोटी पुत्रवधू के पास पहुंचता है, जो बच्ची को गोद में लेकर सड़क किनारे खड़ी थी। वह बच्ची को छीनता है और जेसीबी की ओर दौड़ पड़ता है। आसपास खड़े लोग उसे रोकने की कोशिश करते हुए आवाज लगाते हैं। बच्ची को मशीन के सामने फेंकने के बाद वह उठकर चला जाता है। स्थानीय लोगों की आवाज भी वीडियो में सुनाई देती है, जहां वे आरोपी को रोकने और बच्ची का मेडिकल कराने की बात कह रहे हैं।
हर साल होता रहा है विवाद
सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, होली के अवसर पर पिछले कई वर्षों से इस जमीन को लेकर विवाद और हंगामा होता रहा है। पिछले साल भी झगड़े के बाद 15-20 लोगों पर केस दर्ज हुआ था।
पुलिस क्या कह रही है
डहीना चौकी प्रभारी रजनीश के अनुसार, मामले में शिकायत मिली है। बच्ची की एमएलसी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बच्ची को गंभीर चोट नहीं आई है और उसे अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े करती है, जहां विरोध जताने के लिए मासूम बच्चे की जान जोखिम में डाल दी गई।
Akhil Mahajan