पानीपत में हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो पर भारी पड़ा खनन माफिया, टीम पर हमला कर मिट्टी से भरी गाड़ी छुड़ाकर आरोपी फरार
पानीपत के गांव लुहारी में अवैध खनन रोकने गई HSENB टीम पर हमला कर आरोपियों ने मिट्टी से भरी गाड़ी छुड़ा ली और SI को धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ अवैध खनन रोकने पहुंची HSENB टीम पर हमला
■ पकड़ी गई मिट्टी से भरी गाड़ी छुड़ाकर आरोपी फरार
■ SI को धमकी- पहले भी समझाया था, पंगा मत लेना
पानीपत। जिले के इसराना थाना क्षेत्र के गांव लुहारी में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (HSENB) की टीम पर हमला कर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खनन माफिया से जुड़े लोगों ने न केवल टीम के जवानों के साथ धक्का-मुक्की की, बल्कि पकड़ी गई मिट्टी से भरी गाड़ी को भी जबरन छुड़ाकर फरार हो गए। इस दौरान SI सुरेंद्र कुमार को खुलेआम धमकी दी गई कि पहले भी समझाया था, पंगा मत लेना।
घटना 20 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। HSENB में तैनात SI सुरेंद्र कुमार अपनी टीम EHC अमनदीप, सिपाही बलराम और अमिताब के साथ नौल्था क्षेत्र में खनन चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गाड़ी नंबर HR63E 4384 गांव लुहारी के खेतों से बिना किसी ई-रवाना या वैध अनुमति के मिट्टी उठा रही है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान गाड़ी को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, कुछ युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने एक सिपाही को गाड़ी से नीचे उतार दिया और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख आरोपियों ने पकड़ी गई गाड़ी को जबरन छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गए। इस दौरान SI को सीधे तौर पर धमकी दी गई, जिससे टीम के सामने गंभीर सुरक्षा चुनौती खड़ी हो गई।
घटना के बाद SI सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर थाना इसराना पुलिस ने मदनलाल, गाड़ी मालिक बारू और 4-5 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिस हिरासत से वाहन छुड़ाने और अवैध खनन की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और छीनी गई गाड़ी की बरामदगी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
स्थानीय स्तर पर इस घटना ने प्रशासन की कार्यशैली और खनन माफिया के हौसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावों के बीच इस तरह की घटना से स्पष्ट है कि खनन माफिया अब भी सक्रिय हैं और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Akhil Mahajan