सोनीपत पुलिस लाइन में एएसआई ने खुद को गोली मारी

सोनीपत पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में ट्रैफिक विंग के एएसआई जसबीर सिंह ने देर रात खुद को गोली मार ली। घटना के समय पत्नी घर में मौजूद थीं। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस कॉल रिकॉर्ड और पारिवारिक पहलुओं की जांच कर रही है।

सोनीपत पुलिस लाइन में एएसआई ने खुद को गोली मारी

सोनीपत पुलिस लाइन में एएसआई ने खुद को गोली मारी
रसोई में खाना बना रही पत्नी ने सुनी गोली की आवाज
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस कर रही गहन जांच


सोनीपत की पुलिस लाइन में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) ने अपने सरकारी क्वार्टर में खुद को गोली मार ली। घटना के समय उनकी पत्नी घर में ही मौजूद थीं और उनके लिए खाना तैयार कर रही थीं। अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई और जब पत्नी दौड़कर अंदर पहुंचीं तो पति को गंभीर हालत में पाया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक जसबीर सिंह रात करीब 12 बजे ड्यूटी से लौटकर पुलिस लाइन स्थित अपने क्वार्टर (B-1) पहुंचे थे। उनके आने के बाद पत्नी रसोई में खाना बनाने चली गईं। कुछ ही देर बाद कमरे से तेज आवाज आई। जब पत्नी भागकर कमरे में पहुंचीं तो देखा कि जसबीर सिंह फर्श पर पड़े थे और उनके सिर में गोली लगी हुई थी। पत्नी ने हिम्मत जुटाकर अपने पति के सिर से बह रहे खून को रोकने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों को भी तत्काल सूचित किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली उनकी कनपटी में लगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया।

मृतक जसबीर सिंह मूल रूप से सोनीपत जिले के गांव सिटावली के रहने वाले थे। वे पिछले करीब दो वर्षों से पुलिस लाइन में तैनात थे और वर्तमान में ट्रैफिक विंग में कार्यरत थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी बेटी की शादी करीब एक वर्ष पहले ही पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हुई थी। उनका बेटा फिलहाल विदेश में पढ़ाई कर रहा है। पिता की मौत की सूचना उसे दे दी गई है और परिवार उसके भारत लौटने का इंतजार कर रहा है।

पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। बेटे के लौटने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस पत्नी के बयान और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर संभावित कारणों का पता लगाने में जुटी है।