सीपी राधाकृष्णन देश के 15वें उपराष्ट्रपति बने
सीपी राधाकृष्णन 452 वोट पाकर देश के 15वें उपराष्ट्रपति बने। उन्होंने INDIA गठबंधन के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराया।
- सीपी राधाकृष्णन बने देश के 15वें उपराष्ट्रपति
- INDIA गठबंधन के सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले
- 152 वोटों के अंतर से NDA उम्मीदवार ने दर्ज की बड़ी जीत
देश को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। NDA उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने विपक्षी गठबंधन INDIA के प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी को हराकर शानदार जीत दर्ज की। राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए। इस तरह राधाकृष्णन ने 152 वोटों के अंतर से देश के 15वें उपराष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त किया।
कांग्रेस ने दावा किया था कि INDIA गठबंधन के पास 315 सांसदों का समर्थन है, लेकिन अंतिम नतीजों में केवल 300 वोट ही रेड्डी को मिले। यानी 15 सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की। वहीं, BRS और BJD ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया। राज्यसभा में BRS के 4 और BJD के 7 सांसद हैं, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब में बाढ़ का हवाला देकर मतदान से किनारा कर लिया।
यह चुनाव इसलिए और अहम रहा क्योंकि मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को खराब सेहत का हवाला देकर अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था, लेकिन उनके इस्तीफे से उपराष्ट्रपति का पद रिक्त हो गया था। अब यह जिम्मेदारी सीपी राधाकृष्णन के कंधों पर आ गई है।
सीपी राधाकृष्णन का राजनीति और संगठन दोनों में लंबा अनुभव रहा है। वे दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और पार्टी संगठन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण पद संभाले हैं। उनकी जीत को भाजपा और NDA के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है, वहीं विपक्ष को इस चुनाव में झटका लगा है।
Akhil Mahajan