पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर पर आठ करोड़ की अवैध जमीन कब्जे की जांच, लोकायुक्त जांच में घिरा पेट्रोल पंप और कोठी
समालखा में पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर पर सीता राम कॉलोनी की सार्वजनिक गली पर अवैध कब्जे के आरोप लगे हैं। लोकायुक्त के आदेश पर जांच अधिकारी ने नोटिस जारी कर 9 और 10 सितंबर को संबंधित पक्षकारों को तलब किया है।
➤ पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर पर सीता राम कॉलोनी की सार्वजनिक गली पर अवैध कब्जे के आरोप
➤ लोकायुक्त के आदेश पर जांच अधिकारी ने नोटिस जारी किए, 9 और 10 सितंबर को पक्षकार तलब
➤ आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर की शिकायत पर मुआयना और रिकॉर्ड खंगालने के बाद जांच तेज
समालखा, अशोक शर्मा
समालखा से जुड़े एक बड़े विवाद पर अब लोकायुक्त ने जांच शुरू कर दी है। आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर द्वारा लगाई गई शिकायत के आधार पर पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर और अन्य पर सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपों की पड़ताल हो रही है।
कपूर ने लोकायुक्त जस्टिस हरिपाल वर्मा को सबूतों सहित दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि सीता राम कॉलोनी में जीटी रोड से छोकर की कोठी तक जाने वाली 15 फुट चौड़ी सार्वजनिक गली को वर्ष 2021 में कब्जाकर पेट्रोल पंप (शिवहरी फिलिंग स्टेशन) में शामिल कर लिया गया। यही नहीं, इस गली में छोकर के बेटे और जिला राजस्व अधिकारी राकेश ने भी अपनी कोठी के सामने बनी 13 फुट चौड़ी गली को अपनी संपत्ति में मिला लिया।
शिकायत के अनुसार, गली के निकासी बिंदु पर करीब 20 वर्गगज जमीन पर पड़ोसी ने भी अवैध कब्जा कर मकान में शामिल कर लिया। इस तरह करीब 400 वर्गगज जमीन, जिसकी अनुमानित कीमत आठ करोड़ रुपये बताई जा रही है, कब्जाकर सार्वजनिक रास्ता बंद कर दिया गया। इसके अलावा, पेट्रोल पंप के सामने जीटी रोड की सर्विस रोड पर भी खोखा दुकान बनवाकर कब्जा किया गया है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
लोकायुक्त द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी और चीफ विजिलेंस ऑफिसर रामेश्वर मेहरा ने 1 सितंबर को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर रिकॉर्ड खंगाला और मौके पर जाकर छोकर की कोठी व पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। अब 9 सितंबर को नगर परिषद सचिव मनीश शर्मा और कॉलोनी निवासी संजय पानू को रिकॉर्ड व सबूतों सहित पेश होने को कहा गया है। वहीं, 10 सितंबर को पूर्व विधायक भरत सिंह छोकर, पेट्रोल पंप की डीलर संतोष सरोहा और आनंद शर्मा को तलब किया गया है।
कपूर ने लोकायुक्त से मांग की है कि इन अवैध कब्जों को हटवाकर गली को आमजन के लिए खोला जाए, पेट्रोल पंप का नक्शा रद्द किया जाए और अवैध कब्जाधारियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।