पेट दर्द होने पर अस्पताल पहुंची 11 साल की छात्रा, डॉक्टर बोले- 2 महीने की है गर्भवती
सोनीपत के कुंडली में 9वीं कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा से उसके सहपाठी द्वारा मॉल की छत पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पेट दर्द के बाद अस्पताल में जांच के दौरान छात्रा के दो महीने की गर्भवती होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
➤ मॉल की छत पर सहपाठी ने किया दुष्कर्म
➤ पेट दर्द की शिकायत के बाद प्रेगनेंसी का खुलासा
➤ नाबालिग आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में केस दर्ज
हरियाणा के सोनीपत जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुंडली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक नामी पार्कर मॉल की छत पर नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 11 वर्षीय छात्रा के साथ उसके ही सहपाठी ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस शर्मनाक घटना का खुलासा तब हुआ जब मासूम के पेट में लगातार दर्द रहने लगा और मां उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने जब जांच की तो रिपोर्ट देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि वह 2 महीने की गर्भवती पाई गई।
पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और वर्तमान में राई थाना क्षेत्र में किराए पर रहता है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी गांव के ही एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ती है। करीब सवा दो महीने पहले छात्रा अपनी सहेलियों के साथ कुंडली स्थित मॉल में घूमने गई थी। वहां उसके साथ स्कूल में पढ़ने वाला एक छात्र भी मौजूद था। आरोपी छात्र उसे कुछ बात करने के बहाने बहाने से मॉल की छत पर ले गया और वहां जबरन उसके साथ गलत काम किया। डरी-सहमी बच्ची ने लोकलाज और डर के कारण घर पर कुछ नहीं बताया।
बीते कुछ दिनों से बच्ची के पेट में तेज दर्द हो रहा था। मां उसे सोनीपत के सरकारी अस्पताल ले गई, जहां महिला डॉक्टर ने जांच के बाद उसके गर्भवती होने की पुष्टि की। घर आकर जब मां ने सख्ती से पूछा तो बच्ची फफक-फफक कर रो पड़ी और आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मजिस्ट्रेट के सामने बच्ची के बयान दर्ज कराए गए। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और POCSO एक्ट की धारा 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है, जिसकी उम्र की पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की विशेषज्ञ डॉक्टरों से काउंसलिंग कराई गई है और मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है।
Author1