पिता से 3 बार, स्कूल संचालक से 4 बार पूछताछ, क्या बिसरा रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज?
भिवानी में टीचर मनीषा की मौत की जांच CBI कर रही है। पिता से 3 बार और स्कूल संचालक से 4 बार पूछताछ हो चुकी है। सीसीटीवी, चश्मदीदों और फोरेंसिक रिपोर्ट में विरोधाभास सामने आ रहे हैं।
➤ भिवानी में टीचर मनीषा की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी CBI
➤ पिता से 3 और स्कूल संचालक से 4 बार पूछताछ, सवाल वही दोहराए गए
➤ सीसीटीवी, चश्मदीद बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट में मिल रहे विरोधाभास
हरियाणा के भिवानी में लेडी टीचर मनीषा की रहस्यमयी मौत की जांच अब और गहराती जा रही है। मामले की तह तक जाने के लिए CBI टीम पिछले 22 दिन से जिले में डेरा डाले हुए है। जांच एजेंसी अब तक मनीषा के पिता संजय से तीन बार पूछताछ कर चुकी है, वहीं जिस प्ले वे स्कूल में मनीषा काम करती थी उसके संचालक रोहित दहिया से चार बार सवाल-जवाब किए गए हैं।
परिजनों का कहना है कि हर बार वही सवाल दोहराए गए — “आपको क्या लगता है, मनीषा के साथ क्या हुआ होगा?”। पिता संजय का आरोप है कि शुरू से ही प्रशासन ने मामले को उलझाया, जिसके कारण जांच में समय लग रहा है।
सीसीटीवी और चश्मदीदों के बयान में विरोधाभास
CBI को मिली सीसीटीवी फुटेज में मनीषा 11 अगस्त को दोपहर 1:58 बजे स्कूल से बाहर जाती दिखी। इसके तुरंत बाद पास की दुकान से उसने कीटनाशक खरीदा, जिसे विक्रेता ने भी कबूल किया। लेकिन घटना के दिन शाम 6:26 बजे मनीषा ने पिता को फोन किया, जिसे वे उठा नहीं पाए। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
मनीषा का शव दो दिन बाद सिंघानी गांव के खेत में मिला। शव के आसपास कुत्ते थे, लेकिन चश्मदीदों के बयान पुलिस की थ्योरी से मेल नहीं खाते। लोकल पुलिस ने इसे सुसाइड मानकर फाइल किया, जबकि परिजन और कई गवाह हत्या की आशंका जता रहे हैं।
फोरेंसिक और बिसरा रिपोर्ट पर टिकीं निगाहें
CBI ने घटनास्थल का अब तक तीन बार मुआयना किया है। दिल्ली से विशेष फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई। मनीषा का शव तीन बार पोस्टमार्टम हुआ—भिवानी, रोहतक पीजीआई और आखिर में दिल्ली एम्स में। एम्स ने जो बिसरा सैंपल सुरक्षित किए थे, वे अब CBI को सौंपे गए हैं। माना जा रहा है कि यही रिपोर्ट इस केस की सच्चाई उजागर करेगी।
पिता बोले—“न्याय की उम्मीद है”
मनीषा के पिता संजय ने कहा कि CBI फिलहाल सही दिशा में काम कर रही है। हालांकि उन्हें अभी तक जांच की डिटेल साझा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि “मामला बेहद उलझा हुआ है, लेकिन हमें विश्वास है कि आखिरकार हमारी बेटी को न्याय मिलेगा।”
Akhil Mahajan