सोनीपत की पैरामाउंट फोम फैक्ट्री में भीषण आग, काले धुएं से दहला इंडस्ट्री एरिया; रोहतक रोड पर जाम

सोनीपत के इंडस्ट्री एरिया स्थित पैरामाउंट फोम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। 250-300 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया। कई जिलों से दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं और रोहतक रोड पर यातायात प्रभावित हुआ।

इंडस्ट्री एरिया की फोम फैक्ट्री में भड़की विकराल आग
250 से 300 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया
रोहतक रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट, कई जिलों से दमकल बुलाई गई


सोनीपत जिले के इंडस्ट्री एरिया स्थित पैरामाउंट कंपनी की फोम बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री परिसर से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा और आसपास के रिहायशी व औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। ज्वलनशील फोम सामग्री के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और पूरा इलाका अफरा-तफरी में घिर गया।

आग पर काबू पाते हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारी।

घटना के समय फैक्ट्री में करीब 250 से 300 कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगते ही कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए फायर फाइटिंग पाइपलाइन की मदद से शुरुआती प्रयास किए, लेकिन गोदामों में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। राहत की बात यह रही कि सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फायर ब्रिगेड कर्मचारी आग को बुझाते हुए

सूचना मिलने के करीब 30 से 35 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोनीपत के अलावा गन्नौर, खरखौदा, राई और कुंडली से दर्जनों दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कई घंटों तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करते रहे। पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और दमकल की गाड़ियों को निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराया।

आग फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने दो गोदामों में लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में लपटें ऊंची उठने लगीं और धुएं का घना गुबार पूरे क्षेत्र में फैल गया। लोग सड़कों पर रुककर वीडियो बनाते नजर आए, जिससे सोनीपत-रोहतक मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पहले से अस्थायी रूप से वन-वे किए गए रोहतक रोड पर ट्रैफिक और प्रभावित हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एहतियातन यातायात डायवर्ट किया।

फैक्ट्री में लगी फायर फाइटिंग पाइपलाइन की मदद से शुरुआती तौर पर आग बुझाने का प्रयास करते कर्मचारी

सोनीपत सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन दमकल विभाग के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्य में जुटा रहा।

आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुई

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मेयर राजीव जैन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि श्री भगवान गुप्ता की इस फैक्ट्री में फोम सीट बनाने का काम होता है और आग पिछले हिस्से में बने दो गोदामों में लगी थी। मुख्य फैक्ट्री परिसर को काफी हद तक सुरक्षित बचा लिया गया है और आग पर काफी नियंत्रण पा लिया गया है।

आग से हुए नुकसान का आकलन फिलहाल आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जरूरत को उजागर कर दिया है।