PGI रोहतक के कच्चे कर्मचारी अर्धनग्न होकर सड़कों पर उतरे, जानें वजह

PGI रोहतक के कच्चे कर्मचारियों ने HKRN में शामिल करने की मांग को लेकर कुरुक्षेत्र में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। थीम पार्क से लघु सचिवालय तक मार्च कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

PGI रोहतक के कच्चे कर्मचारी अर्धनग्न होकर सड़कों पर उतरे, जानें वजह
  • PGI रोहतक के कच्चे कर्मचारी HKRN में शामिल करने की मांग पर अड़े
  • अर्धनग्न होकर थीम पार्क से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन
  • सरकार पर अनदेखी का आरोप, आंदोलन तेज करने की चेतावनी


PGI रोहतक के कच्चे कर्मचारियों का आंदोलन शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में और उग्र हो गया। HKRN में शामिल करने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से धरना दे रहे कर्मचारियों ने अर्धनग्न होकर सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी कुरुक्षेत्र के थीम पार्क से पैदल मार्च करते हुए लघु सचिवालय तक पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर रोष जताया और सरकार पर लगातार अनदेखी करने के आरोप लगाए। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

कर्मचारियों के प्रधान अभिषेक और किसान यूनियन के सदस्य गुरजंट ने बताया कि PGI रोहतक के कच्चे कर्मचारी लंबे समय से HKRN में शामिल किए जाने की मांग कर रहे हैं। कई बार प्रशासन और सरकार को अपनी बात रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

उन्होंने बताया कि आज कुरुक्षेत्र के डीसी से भी बातचीत हुई, लेकिन कर्मचारियों को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसी नाराजगी के चलते कर्मचारियों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने का फैसला लिया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक कुरुक्षेत्र में उनका धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। आगे की रणनीति को लेकर कर्मचारियों की बैठक भी की जाएगी।