झगड़े को रोकने आया था युवक, चाकू मारकर मौत के घाट उतारा

फरीदाबाद में झगड़ा रोकने पहुंचे युवक रविंद्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। तीन आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।

झगड़े को रोकने आया  था युवक, चाकू मारकर मौत के घाट उतारा
  • फरीदाबाद में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या

  • तीन आरोपियों ने मामूली तकरार के बाद युवक पर किये वार

  • बाइक छोड़कर आरोपी फरार; पुलिस ने शुरू की तलाश


फरीदाबाद में रविवार को मानवता और मदद की भावना दिखाने वाले एक युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। सेक्टर-17–18 की डिवाइडिंग रोड पर हुए झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पलवल के लालवा गांव निवासी रविंद्र के रूप में हुई है, जो ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-85 में कार चलाने का काम करता था। घटना के समय रविंद्र उन झगड़ने वाले युवकों को जानता भी नहीं था।

प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार के अनुसार, वह बाइक से गुजर रहा था, तभी एक बाइक पर तीन युवक तेज रफ्तार से जा रहे थे। नवीन ने उन्हें चलती बाइक से सावधानी बरतने की सलाह दी। इस बात पर तीनों युवक उसे रोककर झगड़ने लगे।

अस्पताल पहुंचे मृतक युवक के परिजन। - Dainik Bhaskar

उसी समय कार से गुजर रहे रविंद्र ने यह दृश्य देखा और तीनों युवकों को झगड़ा न करने की नसीहत दी। आरोप है कि इसी बात पर गुस्साए युवकों ने नवीन को छोड़कर रविंद्र पर चाकू से तीन-चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रविंद्र वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद आरोपी अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बादशाह खान नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमॉर्टम सोमवार को कराया जाएगा।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। यह मामला कानून व्यवस्था और सड़क पर बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।