Panipat GST Fraud: महिला उद्यमी की ID हैक कर 8 करोड़ का घोटाला
पानीपत में महिला उद्यमी की बंद फर्म की GST ID हैक कर 8.01 करोड़ का फर्जी टर्नओवर दिखाने का मामला सामने आया है। 700 से अधिक फर्जी बिल बनाने पर 5 लोगों पर FIR दर्ज।
➤ पानीपत में महिला उद्यमी की बंद फर्म की ID हैक कर 8.01 करोड़ का GST घोटाला
➤ 700 से ज्यादा फर्जी बिल काटकर फर्जी टर्नओवर दिखाने का आरोप
➤ मॉडल टाउन थाने में 5 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में GST धोखाधड़ी और साइबर अपराध का बड़ा मामला सामने आया है। एक महिला उद्यमी की बंद पड़ी फर्म का डेटा हैक कर आरोपियों ने करीब 8.01 करोड़ रुपए का फर्जी टर्नओवर दिखा दिया। इस दौरान 700 से अधिक फर्जी GST बिल बनाए गए और सरकारी दफ्तरों से भी भुगतान लेने का आरोप सामने आया है।
मामले में पीड़िता सुशीला देवी, निवासी शुगर मिल कॉलोनी, पानीपत ने पुलिस कप्तान को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वह ‘राज एंड संस’ नाम से प्लास्टिक रीसाइकिलिंग फर्म चलाती थीं। घाटे के कारण वर्ष 2023 में फर्म बंद कर दी गई थी और उसके बाद किसी प्रकार का कारोबार नहीं किया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार मार्च 2025 में बेटे के दोस्त सचिन के माध्यम से उनकी मुलाकात हिमांशु शर्मा से हुई। उसने खुद को CA का जानकार बताते हुए फर्म की देखरेख और Nil रिटर्न भरने की जिम्मेदारी ली। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से फर्म की GST ID और डेटा का दुरुपयोग किया।
पीड़िता का आरोप है कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना फर्म के नाम पर फर्जी बिल काटे गए और भारी भरकम फर्जी टर्नओवर दिखाया गया। जब विभागीय स्तर पर नोटिस आने लगे, तब उन्हें इस पूरे घोटाले की जानकारी मिली।
शिकायत और उपलब्ध पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने मॉडल टाउन थाना, पानीपत में हिमांशु, हर्ष, अर्पित समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब GST धोखाधड़ी, साइबर अपराध और वित्तीय लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan