नकली वीटा घी केस में SHO और ASI सस्पेंड
सोनीपत के गोहाना में नकली वीटा घी केस में लापरवाही सामने आने पर थाना SHO और ASI सस्पेंड किए गए। 450 लीटर नकली घी बरामद, विभागीय जांच जारी।
• नकली वीटा घी केस में लापरवाही, गोहाना थाना SHO और ASI सस्पेंड
• जींद से लाई गई थीं 35 पेटियां, 450 लीटर नकली घी बरामद
• भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद विभागीय जांच शुरू
सोनीपत जिले के गोहाना सीटी थाना क्षेत्र में सामने आए नकली वीटा देसी घी प्रकरण ने पुलिस विभाग को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। मामले में निष्पक्ष कार्रवाई न करने और लापरवाही के आरोपों के बाद थाना प्रभारी अरुण कुमार और एएसआई संदीप को निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले दोनों अधिकारियों को लाइन हाजिर किया गया था।
पुलिस विभाग की ओर से की गई प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। अब दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह मामला वीटा मार्का के नकली देसी घी की अवैध सप्लाई से जुड़ा हुआ है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुलिस अधिकारियों ने जानबूझकर मामले में निष्पक्षता नहीं बरती और कार्रवाई में गंभीर लापरवाही की।
10 दिसंबर 2025 को गोहाना शहर थाना पुलिस ने खंदराई मोड़ के पास से जींद के गुरुद्वारा कॉलोनी निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपी अर्टिगा कार में जींद से गोहाना की ओर नकली देसी घी लेकर आ रहा था। मौके पर वीटा मिल्क प्लांट, जींद के गुणवत्ता नियंत्रक सहायक प्रबंधक को बुलाकर कार्रवाई की गई थी।
वाहन की तलाशी के दौरान वीटा मार्का के करीब 450 लीटर देसी घी के पैकेट बरामद किए गए थे। प्रारंभिक जांच में यह घी नकली पाया गया, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
जांच के दौरान पुलिस ने जींद के राजेंद्र नगर निवासी फैक्ट्री मालिक नंदकिशोर को भी गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसकी फैक्ट्री में नकली देसी घी तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
इस पूरे मामले में उच्च अधिकारियों को शिकायत मिली कि एसएचओ अरुण कुमार और एएसआई संदीप ने जानबूझकर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों में शामिल रहे।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहले दोनों को लाइन हाजिर किया। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद अब उन्हें निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल नकली देसी घी प्रकरण और पुलिस की भूमिका को लेकर जांच जारी है।
Akhil Mahajan