9वीं बार फाइनल खेलेगा भारत, साउथ कोरिया से कड़ा मुकाबला
हॉकी एशिया कप 2025 का फाइनल आज भारत और साउथ कोरिया के बीच राजगीर में खेला जाएगा। भारत 9वीं बार फाइनल खेल रहा है और चौथे खिताब की ओर देख रहा है, जबकि कोरिया 5 बार की चैंपियन टीम है। विजेता को वर्ल्ड कप 2026 का टिकट मिलेगा।
➤ भारत नौवीं बार हॉकी एशिया कप फाइनल में पहुंचा
➤ साउथ कोरिया सातवीं बार फाइनल खेलेगा, 5 बार का चैंपियन
➤ विजेता टीम को मिलेगा हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का टिकट
हॉकी एशिया कप 2025 का रोमांच अपने चरम पर है। आज यानी रविवार को बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में भारत और साउथ कोरिया आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि भारतीय टीम नौवीं बार फाइनल में पहुंची है और अब चौथी बार एशियाई चैंपियन बनने का सपना देख रही है।
हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने 6 मैचों में से 5 जीते और केवल एक मैच ड्रॉ रहा, वह भी साउथ कोरिया के खिलाफ। लीग स्टेज में भारत और कोरिया का मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ था। वहीं, सुपर-4 के निर्णायक मैच में भारत ने चीन को 7-0 से रौंदकर फाइनल का टिकट पक्का किया।
भारतीय टीम इससे पहले 2003, 2007 और 2017 में हॉकी एशिया कप की चैंपियन बन चुकी है। इस बार का खिताब जीतने पर टीम को सीधे 2026 हॉकी वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा, जिसका आयोजन बेल्जियम और नीदरलैंड मिलकर करेंगे।
दूसरी ओर, मौजूदा चैंपियन साउथ कोरिया ने सुपर-4 में मलेशिया को 4-3 से हराकर फाइनल में एंट्री पाई। कोरिया अब तक 5 बार एशिया कप जीत चुका है और सातवीं बार फाइनल खेल रहा है। इस लिहाज से यह मुकाबला वाकई कड़ा होने वाला है।
भारतीय स्ट्राइकर अभिषेक ने सुपर-4 में चीन के खिलाफ दो गोल दागकर टीम को मजबूत जीत दिलाई। इससे पहले शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, राजकुमार पाल और सुखजीत सिंह ने गोल किए थे। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी लय और फिटनेस से सभी का मन मोह लिया है।
अब घरेलू दर्शकों के सामने टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। भारत चाहेगा कि इस बार कोरिया पर जीत दर्ज करके 2-2 का हिसाब बराबर करे और चौथी बार एशियाई हॉकी चैंपियन बने।
Akhil Mahajan