हरियाणा में ग्रुप ‘डी’ भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, अब केवल CET अंकों से चयन

हरियाणा सरकार ने ग्रुप ‘डी’ भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए चयन को पूरी तरह CET अंकों पर आधारित कर दिया है। 12 जनवरी 2024 की CET परीक्षा 11 जनवरी 2027 तक मान्य रहेगी।

हरियाणा में ग्रुप ‘डी’ भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, अब केवल CET अंकों से चयन

ग्रुप ‘डी’ भर्ती पूरी तरह CET अंकों पर आधारित होगी
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने जारी की अधिसूचना
12 जनवरी 2024 की CET परीक्षा 11 जनवरी 2027 तक वैध

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने ग्रुप ‘डी’ कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाने के लिए बड़ा संशोधन किया है। अब ग्रुप ‘डी’ पदों पर नियुक्ति पूर्ण रूप से सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) में प्राप्त अंकों के आधार पर होगी। जिन पदों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक से कम निर्धारित है, उन्हें छोड़कर अन्य सभी पदों पर चयन केवल CET स्कोर से किया जाएगा।

इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा अधिसूचना जारी की गई है। यह संशोधन हरियाणा ग्रुप ‘घ’ कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्तें) अधिनियम, 2018 की धारा 26 के तहत किया गया है और राजपत्र में प्रकाशन की तिथि से प्रभावी होगा। अधिनियम की द्वितीय अनुसूची को प्रतिस्थापित कर नई चयन व्यवस्था लागू की गई है।

100 प्रतिशत वेटेज CET अंकों को

नई व्यवस्था के अनुसार सामान्य पात्रता परीक्षा का कुल स्कोर 100 प्रतिशत CET अंकों पर आधारित रहेगा। परीक्षा का पाठ्यक्रम दो भागों में विभाजित होगा।
पहले भाग में 75 प्रतिशत अंक सामान्य जागरूकता, तर्कशक्ति, मात्रात्मक योग्यता, अंग्रेजी, हिंदी और संबंधित विषयों से होंगे।
दूसरे भाग में 25 प्रतिशत अंक हरियाणा के इतिहास, समसामयिक घटनाओं, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण और संस्कृति से संबंधित होंगे।
प्रश्नपत्र का स्तर माध्यमिक शिक्षा (मैट्रिक) का रहेगा।

2024 की CET परीक्षा रहेगी मान्य

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि 12 जनवरी 2024 को आयोजित ग्रुप ‘डी’ CET लिखित परीक्षा, जिसकी वैधता 11 जनवरी 2027 तक है, में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अंकों को अधिकतम 95 अंकों के सापेक्ष प्रतिशत में परिवर्तित कर संयुक्त मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया में एकरूपता, पारदर्शिता और स्पष्टता सुनिश्चित होगी तथा चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जा सकेगा।