कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी ने कांग्रेसियों को संगठन मजबूत करने की बजाय सिर फुटने से बचाने की ट्रेनिंग दी: जेपी दलाल

भिवानी पहुंचे हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला किया। वोट चोरी के आरोपों को भ्रम बताते हुए SYL विवाद और भाजपा के भविष्य पर बड़ा बयान दिया।

कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी ने कांग्रेसियों को संगठन मजबूत करने की बजाय सिर फुटने से बचाने की ट्रेनिंग दी: जेपी दलाल

पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला
वोट चोरी के आरोपों को बताया भ्रम, बोले राहुल अस्तित्व बचाने की कोशिश में
SYL विवाद पर कहा पंजाब माना तो ठीक, वरना सुप्रीम कोर्ट हरियाणा के हक में देगा फैसला


हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने भिवानी पहुंचकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयानों और कांग्रेस की रणनीति को लेकर करारे कटाक्ष किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। दलाल ने तंज कसते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी ने कांग्रेसियों को संगठन मजबूत करने की बजाय सिर फुटने से बचाने की ट्रेनिंग दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर आपसी गुटबाजी इतनी बढ़ चुकी है कि अब नेता एक-दूसरे से ही सुरक्षित रहने की रणनीति सीख रहे हैं।

जेपी दलाल ने कहा कि वोट चोरी को लेकर देश और हरियाणा की राजनीति जानबूझकर गर्म की जा रही है। राहुल गांधी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि हरियाणा में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस को भी पता है कि यहां वोट चोरी नहीं हुई, लेकिन राहुल गांधी के निर्देश पर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी भली-भांति जानते हैं कि देश में आने वाले 20 से 30 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी। इसी डर के चलते वे बार-बार वोट चोरी जैसे मुद्दे उठाकर अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई स्पष्ट नेतृत्व, इसलिए भ्रम फैलाना ही उनकी राजनीति का आधार बन गया है।

केंद्र सरकार के आम बजट को लेकर जेपी दलाल ने कहा कि यह बजट किसी एक वर्ग के लिए नहीं बल्कि हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 2027 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं और बजट उसी दिशा में एक मजबूत कदम होगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

SYL नहर विवाद पर बोलते हुए जेपी दलाल ने साफ कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही दोनों राज्यों को आपसी सहमति से समाधान निकालने को कह चुका है। अगर पंजाब सहमति दिखाता है तो ठीक, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता तो सुप्रीम कोर्ट का अंतिम फैसला हरियाणा के हक में आएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा अपने हक का पानी लेकर रहेगा और इसमें कोई समझौता नहीं होगा।

जेपी दलाल के इन बयानों के बाद हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने साफ संकेत दिया है कि आने वाले समय में भाजपा आक्रामक रुख अपनाएगी और विपक्ष के हर आरोप का जवाब मजबूती से दिया जाएगा।