DU चुनाव में उतरे धनखड़, 35 हज़ार हरियाणवी वोटरों को साधने में जुटी ABVP

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में ABVP ने हरियाणा के 35 हजार वोटरों पर फोकस किया। हरियाणा के नेताओं ने प्रचार किया। आर्यन मान व गोविंद तंवर ABVP प्रत्याशी। वोटिंग 18 सितंबर को होगी।

DU चुनाव में उतरे धनखड़,  35 हज़ार हरियाणवी वोटरों  को साधने में जुटी ABVP

➤ DUSU चुनाव में हरियाणवी वोटरों पर ABVP का फोकस
➤ हरियाणा के नेताओं ने ABVP प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया
➤ आर्यन मान और गोविंद तंवर ABVP के प्रेजिडेंट व उपाध्यक्ष प्रत्याशी

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में बीजेपी की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने हरियाणा के 35 हजार वोटरों पर विशेष फोकस किया है। इस रणनीति के तहत हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई। 14 सितंबर को रामजस कॉलेज में ‘कुणबा’ नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ABVP प्रत्याशियों के समर्थन में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम और कबड्डी प्लेयर व भाजपा नेता दीपक हुड्डा पहुंचे।

ओपी धनखड़ ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि ABVP राष्ट्रभक्ति और व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर देती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटी रेखा गुप्ता, जो कभी DUSU अध्यक्ष रह चुकीं हैं, आज दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ABVP ने देश के कई राज्यों में मुख्यमंत्री और मंत्री दिए हैं।

इस बार DUSU के प्रेजिडेंट पद के लिए हरियाणा के बहादुरगढ़ से आर्यन मान और उपाध्यक्ष पद के लिए सोहना से विधायक तेजपाल तंवर के पौत्र गोविंद तंवर को ABVP का प्रत्याशी बनाया गया है। ABVP ने हरियाणा से प्रत्याशी इसलिए चुने हैं क्योंकि यहां पढ़ाई कर रहे छात्रों की संख्या में भारी हिस्सा हरियाणा के बॉर्डर जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रोहतक, सोनीपत और महेंद्रगढ़ से आता है।

इतना ही नहीं, दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ में अब तक तीन हरियाणवी छात्र अध्यक्ष रह चुके हैं। इनमें अजय छिक्कारा (2011), अरुण हुड्डा (2012) और अक्षित दहिया (2019) शामिल हैं। इस बार ABVP ने आर्यन मान पर अपना दांव रखा है। आर्यन मान ने हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है और अब दिल्ली यूनिवर्सिटी से लाइब्रेरी साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं।

DUSU चुनाव की वोटिंग 18 सितंबर को होगी और परिणाम की गिनती अगले दिन, यानी 19 सितंबर को घोषित की जाएगी। इस बार हरियाणा के वोटरों के साथ ही ABVP उम्मीद जताती है कि वह एक बार फिर सत्ता पर काबिज होगी।