हरियाणा के इस शहर में लगेगा भारत का सबसे बड़ा दही, छाछ व योगर्ट उत्पादन संयंत्र, हजारों को रोजगार !

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के कुरुक्षेत्र और रोहतक में 1150 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। रोहतक में देश का सबसे बड़ा डेयरी संयंत्र शुरू होगा और कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी।

हरियाणा के इस शहर में लगेगा भारत का सबसे बड़ा दही, छाछ व योगर्ट उत्पादन संयंत्र, हजारों को रोजगार !

➤ अमित शाह आज कुरुक्षेत्र और रोहतक में 1150 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
➤ रोहतक में देश का सबसे बड़ा डेयरी संयंत्र शुरू, हजारों को रोजगार का अवसर
➤ कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन


 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र और रोहतक में कुल 1150 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह कार्यक्रम सहकारिता, खादी, रोजगार और न्यायिक सुधार से जुड़े बड़े एजेंडे का हिस्सा है।

रोहतक आईएमटी में शाह 325 करोड़ रुपये से बने साबर डेयरी के नवनिर्मित संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। यह संयंत्र भारत का सबसे बड़ा दही, छाछ और योगर्ट उत्पादन संयंत्र होगा। इसमें प्रतिदिन 150 टन दही, तीन लाख लीटर छाछ, 10 लाख लीटर योगर्ट और 10 टन मिठाई का उत्पादन होगा। इस परियोजना से लगभग 1,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

इसके अलावा शाह रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित खादी कारीगर महोत्सव में शामिल होंगे। यहां वह 2200 कारीगरों को आधुनिक टूल किट वितरित करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत 301 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी का वितरण करेंगे। शाह यहां पीएमईजीपी इकाइयों, केंद्रीय पूनी संयंत्र और खादी ग्रामोद्योग भवनों का भी उद्घाटन करेंगे। यह महोत्सव "स्वदेशी से स्वावलंबन" थीम पर आधारित है।

कुरुक्षेत्र में अमित शाह नए आपराधिक कानूनों पर आधारित पांच दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसमें अधिवक्ता, छात्र, अभिभावक और आम नागरिक भाग लेंगे। प्रदर्शनी में नए आपराधिक कानूनों से हुए बदलाव और उपलब्धियों को 10 अलग-अलग खंडों में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही सात विभागों की भूमिका को भी प्रदर्शित किया जाएगा। शाह यहां 825 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

इस प्रकार, शाह का यह दौरा हरियाणा में औद्योगिक विकास, खादी और कारीगरों को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और न्यायिक सुधार की दिशा में अहम माना जा रहा है।