साइबर सेल पहुंचीं अंजलि राघव, ट्रोलर्स के खिलाफ हुई सख़्त, बोली "शॉर्ट्स पहनना छूने की परमिशन नहीं"
हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने ट्रोलिंग से परेशान होकर दिल्ली साइबर क्राइम सेल में 20 से ज्यादा इंस्टाग्राम आईडी की शिकायत दी। पवन सिंह विवाद के बाद लगातार गंदे मैसेज और फेक वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।
➤ अंजलि राघव ने 20 से ज्यादा ट्रोल आईडी की शिकायत साइबर क्राइम सेल में की
➤ फेक वीडियो, गंदे मैसेज और मीम्स से हो रही ट्रोलिंग से मानसिक रूप से परेशान
➤ पवन सिंह विवाद के बाद लगातार बढ़ा सोशल मीडिया हमला, महिला आयोग तक जाने का ऐलान
हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ट्रोलर्स के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दिल्ली साइबर क्राइम सेल पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को 20 से ज्यादा इंस्टाग्राम आईडी की सूची दी है, जिनसे उनके खिलाफ फेक वीडियो, मीम्स और गंदे मैसेज फैलाए जा रहे हैं। अंजलि का कहना है कि ये कोई सामान्य ट्रोलिंग नहीं बल्कि एक सोची-समझी मुहिम है, जो उनकी छवि खराब करने के लिए चलाई जा रही है।
अंजलि ने बताया कि कुछ आईडी से रोजाना 15 से 20 वीडियो अपलोड की जा रही हैं। इनमें से कई एडिटेड क्लिप्स हैं, जिनमें उनका चेहरा किसी और बॉडी पर लगाकर अभद्र सामग्री बनाई गई है। ट्रोलर्स लगातार स्टोरी, मैसेज और वीडियो डालकर उन्हें निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ट्रोलिंग नहीं बल्कि साइबर बुलिंग का संगठित रूप है।
इस मामले में भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार भी विवाद में कूद गए हैं। अंजलि का आरोप है कि कुछ भोजपुरी मॉडल उनके खिलाफ वीडियो बनाकर तंज कस रही हैं, कह रही हैं कि "शॉर्ट्स पहनने वाली अब सती-सावित्री बन रही है"। इस पर अंजलि ने पलटवार किया कि "शॉर्ट्स पहनने का मतलब यह नहीं कि किसी को छूने की परमिशन मिल गई।"
वहीं, हरियाणवी कलाकारों ने अंजलि का खुलकर समर्थन किया है। अजय हुड्डा, मन्नू धवन, दिलेर, कहर खरकिया, खुशी बालियान, श्वेता चौहान, वीरू कटारिया और थारा भाई जोगिंदर जैसे कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उनके पक्ष में पोस्ट किए। लेकिन समर्थन करने वाले भी ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए हैं।
पूरा विवाद 29 अगस्त को लखनऊ में हुए एक लाइव शो से शुरू हुआ, जब भोजपुरी सिंगर-एक्टर पवन सिंह ने परफॉर्मेंस के दौरान अंजलि की कमर छू ली थी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद अंजलि ने नाराजगी जताई और भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने का ऐलान किया। विवाद बढ़ने पर पवन सिंह ने माफी मांगी, जिसे अंजलि ने स्वीकार भी किया। लेकिन इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया जाने लगा।
अंजलि का कहना है कि पवन सिंह ने तो माफी मांगकर मामला खत्म कर लिया, लेकिन उनके ट्रोलर्स लगातार हमला कर रहे हैं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अब वे न केवल साइबर सेल बल्कि महिला आयोग और पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराएंगी।
अंजलि ने साफ कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनकी नहीं बल्कि हर उस लड़की की है, जिसे सोशल मीडिया पर कैरेक्टर शेमिंग और साइबर बुलिंग का सामना करना पड़ता है।