मनीषा मौत मामला: भिवानी पहुंची सीबीआई टीम, जांच हुई शुरू
भिवानी की मनीषा मौत मामले में सीएम की घोषणा के 13 दिन बाद सीबीआई टीम भिवानी पहुंची। टीम पुलिस फाइल लेकर घटनास्थल पर जांच करेगी। परिजनों को अब इंसाफ की उम्मीद।
➤ मनीषा मौत मामले की जांच के लिए सीबीआई टीम भिवानी पहुंची
➤ मुख्यमंत्री की घोषणा के 13 दिन बाद शुरू हुई सीबीआई की कार्रवाई
➤ परिजनों को अब इंसाफ की उम्मीद, सीबीआई करेगी सीन रिक्रिएशन
भिवानी जिले की चर्चित मनीषा मौत मामले में आखिरकार सीबीआई ने अपनी जांच शुरू कर दी है। बुधवार को दिल्ली नंबर की दो गाड़ियों में पांच से छह सदस्यीय सीबीआई टीम भिवानी पहुंची और सीधे भिवानी सीआईए प्रथम के इंचार्ज से मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सीबीआई जांच की घोषणा के मात्र 13 दिन बाद हुई है, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में एक उम्मीद जगी है।
सीबीआई की टीम ने अब तक न तो जिला प्रशासन और न ही मनीषा के परिजनों से मुलाकात की है। जांच के दौरान टीम भिवानी के रेस्ट हाउस में ही ठहरी रहेगी। सीबीआई पहले भिवानी पुलिस से पूरी फाइल लेगी और फिर मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना करेगी। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान सीन रिक्रिएशन भी किया जाएगा ताकि यह स्पष्ट हो सके कि 19 वर्षीय मनीषा सिंघानी की मौत हत्या थी या आत्महत्या।
मनीषा के पिता संजय से सीबीआई अधिकारियों ने बीते रविवार को फोन पर बात की थी और जांच का आश्वासन दिया था। सोमवार और मंगलवार को परिवार तथा ग्रामीण टीम के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन बुधवार दोपहर को टीम अचानक भिवानी पहुंची। अब परिवार को पूरा विश्वास है कि सच्चाई सामने आएगी और उन्हें इंसाफ मिलेगा।
गौरतलब है कि 11 अगस्त को ढाणी लक्ष्मण निवासी मनीषा घर से प्ले स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 12 अगस्त को लोहारू थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके अगले ही दिन यानी 13 अगस्त की सुबह सिंघानी नहर के पास उसका शव बरामद हुआ। इस मामले में पहले भिवानी पुलिस ने जांच की, लेकिन सवालों और संदेहों के बीच यह जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है।
Akhil Mahajan