‘सनातन एकता पदयात्रा’ आज आखिरी दिन, धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत फिर बिगड़ी, सड़क पर दिया गया इलाज
हरियाणा में धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का आज आखिरी दिन है। तबीयत बिगड़ने पर सड़क पर इलाज हुआ। यात्रा दोपहर बाद यूपी में प्रवेश करेगी।
-
धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत फिर बिगड़ी, सड़क पर लेटाकर दिया गया इलाज
-
आज ‘सनातन एकता पदयात्रा’ का आखिरी दिन, हरियाणा से यूपी में करेगी एंट्री
-
बीमारी के बावजूद यात्रा जारी, मुस्लिम सरपंच ने किया स्वागत
बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन एकता पदयात्रा’ आज छठे और आखिरी दिन हरियाणा के होडल से शुरू हुई। यात्रा की शुरुआत अनाज मंडी से हुई, जहां चलते-चलते उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। धीरेंद्र शास्त्री को सड़क पर लेटाकर इलाज दिया गया। उनके समर्थक आसपास मौजूद रहे और लगातार उनका ख्याल रखते दिखे।
यात्रा दोपहर बाद यूपी बॉर्डर पार करेगी। बॉर्डर पर भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। यह यात्रा पिछले 6 दिनों से हरियाणा में चल रही है और आज करीब 8 किलोमीटर का सफर तय कर यूपी पहुंचेगी।
बुधवार को भी धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें 100 डिग्री बुखार था। डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने यात्रा जारी रखी। उनके अनुयायियों का कहना है कि शास्त्री अपने संकल्प के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यात्रा के दौरान एक मुस्लिम सरपंच ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि “आपकी कौम पर हर बार सवाल उठता है। अपने युवाओं को समझाइए और शिक्षा नीति में बदलाव लाइए।”
इधर, यात्रा में देशभर से भक्त शामिल हैं। यूपी, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा के श्रद्धालु धार्मिक जोश के साथ पदयात्रा में चल रहे हैं। कोई ‘आई लव सनातन धर्म’ का बोर्ड थामे है तो कोई भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और बजरंगबली की वेशभूषा में शामिल है।
सुरक्षा के दृष्टि से बम स्क्वाड की टीम भी यात्रा के साथ चल रही है। इस दौरान हरियाणा पुलिस, स्थानीय प्रशासन और चिकित्सा दल तैनात हैं।
Author1