हरियाणा में बच्ची की बलि का शक, पोस्टमॉर्टम में हैरान करने वाला खुलासा
गुरुग्राम में KMP किनारे बच्ची का कटा सिर और पैर मिले। पोस्टमॉर्टम में 48-60 घंटे पहले हत्या की पुष्टि। तांत्रिक बलि का शक, धड़ अभी गायब। पुलिस पूछताछ में जुटी।
• गुरुग्राम में बच्ची की बलि का शक, पोस्टमॉर्टम में चौंकाने वाले खुलासे
• 48-60 घंटे पहले हत्या, मिला सिर्फ सिर और पैर, धड़ लापता
• पुलिस तांत्रिकों और तंत्र-मंत्र में शामिल लोगों से पूछताछ कर रही है
हरियाणा के गुरुग्राम में KMP एक्सप्रेसवे के किनारे मिली बच्ची की कटी हुई बॉडी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि बच्ची की हत्या 16 या 17 नवंबर को की गई, यानी शव मिलने से लगभग 48 से 60 घंटे पहले। पुलिस ने बताया कि बच्ची की उम्र 6 से 8 साल के बीच है।
घटनास्थल से करीब 100 कदम दूर बच्ची के कटा हुआ सिर, बालों का गुच्छा और फ्रॉक मिला है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गले की हड्डियां गायब हैं और धड़ अभी तक बरामद नहीं हुआ है। बच्ची के पैरों की उंगलियों पर नेल पॉलिश के निशान मौजूद थे। पुलिस को शक है कि बच्ची की तंत्र-मंत्र, बलि या तांत्रिक क्रिया के तहत हत्या की गई होगी।
पुलिस का कहना है कि बालों को साफ-सुथरा कैंची से काटा गया है, जो आम हत्या के तरीके से बिल्कुल अलग है। फ्रॉक पर कोई टैग नहीं था, जिससे पहचान मुश्किल हो रही है। पुलिस ने DNA सैंपल सुरक्षित कर लिया है और आसपास के थानों से लापता बच्चों की सूची खंगाली जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस तरह की वारदात पहले भी नूंह, तावड़ू, पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका और राजस्थान के बॉर्डर इलाकों में सामने आ चुकी हैं, जहां बच्चों की बलि और तांत्रिक गतिविधियों के मामले दर्ज हुए हैं।
जांच अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने तंत्र-क्रिया से जुड़े लोगों को चिन्हित कर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची के धड़ की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
Author1