हरियाणा पुलिस के ADGP वाई. पूरन ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

हरियाणा पुलिस के एडीजीपी वाई. पूरन ने चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मार ली। घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

हरियाणा पुलिस के ADGP वाई. पूरन ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

• हरियाणा के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित आवास पर गोली मारकर की आत्महत्या
• चंडीगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, जांच जारी
• हाल ही में हुई थी रोहतक PTC में पोस्टिंग, पत्नी IAS अधिकारी अमनीत पी. कुमार जापान दौरे पर


हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने मंगलवार को चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित अपने सरकारी आवास (कोठी नंबर 116) पर खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि यह मामला आत्महत्या का है। उन्होंने कहा कि, “फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है, जांच की जा रही है।”

चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में कोठी नंबर 116 के बाहर खड़े पुलिस अधिकारी।

वाई पूरन कुमार (IPS, 2001 बैच) की हाल ही में रोहतक के पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC), सुनारिया में IG पद पर पोस्टिंग हुई थी। बताया जा रहा है कि वे 7 अक्टूबर तक छुट्टी पर थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पाई पूरन कुमार की कोठी के बाहर खड़े पुलिस अधिकारी।

वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार IAS अधिकारी हैं। वे हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित अन्य अधिकारियों के साथ जापान दौरे पर गई थीं और मंगलवार शाम तक भारत लौटने की संभावना है।

घटना के बाद कई सीनियर आईपीएस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कोठी को सील कर जांच शुरू कर दी है।

आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार का नाम पहले भी कई विवादों में रहा।

  • उन्होंने कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था, जिसमें कहा गया था कि वित्त विभाग ने गृह मंत्रालय के नियमों को दरकिनार करके प्रमोशन किए हैं।

  • इसके अलावा उन्होंने पूर्व डीजीपी मनोज यादव पर उत्पीड़न का आरोप भी लगाया था।

  • उन्होंने अंबाला के एसपी को शिकायत दी थी कि उन्हें मंदिर स्थापना मामले में अनुचित तरीके से प्रताड़ित किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। गोली चलने की आवाज सुनकर घर का स्टाफ और पड़ोसी तुरंत बाहर निकले, लेकिन तब तक अधिकारी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सुसाइड के कारणों का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। पुलिस परिवार, साथियों और हाल की पोस्टिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।