हरियाणा डीजीपी कपूर छुट्टी पर, ओपी सिंह बने कार्यकारी डीजीपी, सीएम ने रद्द किया दिल्ली दौरा
आईपीएस पूरन कुमार सुसाइड केस में हरियाणा सरकार ने डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजा, ओपी सिंह बने कार्यकारी डीजीपी। सात दिन बाद भी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ, राहुल गांधी और चिराग पासवान आज परिवार से मिलेंगे।
➤ डीजीपी कपूर छुट्टी पर भेजे गए
➤ ओपी सिंह नए कार्यकारी डीजीपी बने
➤ आईपीएस पूरन सुसाइड केस में 7 दिन बाद भी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ
हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार के सुसाइड को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। इस बीच सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है और ओम प्रकाश सिंह (ओपी सिंह) को हरियाणा का कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया है।
ओपी सिंह 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उनका रिटायरमेंट इसी साल 31 दिसंबर को है। इससे पहले जब अगस्त 2023 में शत्रुजीत कपूर को डीजीपी बनाया गया था, तब 1989 बैच के आईपीएस मोहम्मद अकील और डॉ. आर.सी. मिश्रा की सीनियोरिटी को नजरअंदाज किया गया था।
इधर, दिवंगत आईपीएस पूरन कुमार की पत्नी और आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार ने सरकार से कपूर को पद से हटाने और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सरकार पहले ही बिजारणिया को पद से हटा चुकी है, लेकिन अब तक नई पोस्टिंग नहीं दी गई है।
आज दोपहर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमनीत के सरकारी आवास पर शोक प्रकट करने पहुंचने वाले हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी दोपहर डेढ़ बजे पहुंचकर परिवार से मिलेंगे। इस बीच, अनुसूचित समाज की 31 सदस्यीय कमेटी द्वारा दी गई 48 घंटे की चेतावनी भी आज समाप्त हो रही है। कमेटी ने कहा था कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के सोनीपत दौरे के रद्द होने के बाद अपना दिल्ली दौरा भी रद्द कर दिया है। सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले परिवार से मिलने पहुंचे थे और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर 40 मिनट की बैठक की थी। अठावले ने बताया कि मुख्यमंत्री ने न्याय और कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने तक जांच आगे नहीं बढ़ सकती।
पूरन कुमार के सुसाइड नोट में डीजीपी शत्रुजीत कपूर, रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया सहित 15 अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। वे रोहतक के पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में IG पद पर तैनात थे। उन्होंने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित सरकारी आवास पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। सुसाइड से एक दिन पहले उनके गनमैन सुशील कुमार को शराब कारोबारी से रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस घटना के बाद से हरियाणा पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है और सरकार पर कार्रवाई के दबाव लगातार बढ़ रहा है।
Author1