हरियाणा में बारिश का अलर्ट: सभी फील्ड अधिकारियों की छुट्टियां कैंसिल, 5 सितंबर तक रहना होगा हेडक्वार्टर पर
हरियाणा में भारी बारिश और बाढ़ के अलर्ट को देखते हुए 5 सितंबर तक सभी फील्ड अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी अपना UAE दौरा रद्द कर हालात पर नजर रखने का फैसला लिया है।
➤ हरियाणा में 5 सितंबर तक सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
➤ बारिश और बाढ़ अलर्ट के बीच अधिकारियों को मुख्यालय में रहने के निर्देश
➤ मुख्यमंत्री नायब सैनी ने UAE दौरा रद्द कर हालात पर नजर रखी
हरियाणा में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आदेश जारी करते हुए प्रदेश के सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों की छुट्टियां 5 सितंबर तक रद्द कर दी हैं। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी अधिकारी को मुख्य सचिव या गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की मंजूरी के बिना छुट्टी नहीं दी जाएगी। सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहना अनिवार्य कर दिया गया है।
इससे पहले पब्लिक हेल्थ विभाग ने भी हालात को देखते हुए अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी थीं। विभाग के कमिश्नर मोहम्मद साइन ने आदेश जारी करते हुए कहा था कि शहरों और गांवों में तैनात पंप ऑपरेटर अपने स्टेशन को किसी भी स्थिति में न छोड़ें। प्रदेश में कई जगह पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो रही है, ऐसे में पंप ऑपरेटरों का हर वक्त अपने दफ्तर में मौजूद रहना जरूरी है।
इसी बीच मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी हालात को गंभीरता से लेते हुए अपना UAE दौरा रद्द कर दिया है। मुख्यमंत्री को 2 से 5 सितंबर तक दुबई में कारोबारियों के साथ बैठक करनी थी, लेकिन पहाड़ों में हो रही भारी बरसात और हरियाणा में बिगड़ते हालातों को देखते हुए उन्होंने दौरा स्थगित कर दिया। सरकार का कहना है कि वर्तमान स्थिति में पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर काम कर रहा है और अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान में जुटने की हिदायत दी गई है।