हरियाणा में बारिश का कहर, हथिनीकुंड से छोड़ा रिकॉर्ड पानी, अगले 48 घंटे भारी

हरियाणा में भारी बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर, हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए रिकॉर्ड पानी ने संकट बढ़ाया। सिरसा समेत कई जिलों में फसलें डूबीं, सुरजेवाला ने सरकार पर राहत की कमी को लेकर हमला बोला।

हरियाणा में बारिश का कहर, हथिनीकुंड से छोड़ा रिकॉर्ड पानी, अगले 48 घंटे भारी

➤ हरियाणा में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात
➤ हथिनीकुंड बैराज से रिकॉर्ड स्तर पर पानी छोड़ा गया, नदियाँ खतरे के निशान पर
➤ रणदीप सुरजेवाला का सरकार पर हमला, राहत व प्रबंधन पर उठाए सवाल


हरियाणा में लगातार हो रही बारिश ने हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं। अंबाला, रेवाड़ी, झज्जर, पंचकूला और कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में शुक्रवार रात से ही रुक-रुक कर तेज बरसात जारी है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय का कृषि मौसम विज्ञान विभाग पहले ही अलर्ट जारी कर चुका था कि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, कैथल और जींद में भारी बारिश का खतरा है।

सबसे बड़ा संकट हथिनीकुंड बैराज से है। शनिवार रात 2 बजे बैराज में 1 लाख 5 हजार क्यूसेक पानी आने के बाद सभी गेट खोल दिए गए। सुबह 8 बजे तक यह स्तर 3 लाख 11 हजार क्यूसेक तक पहुँच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक है। प्रशासन ने तुरंत दिल्ली सरकार को अलर्ट जारी करते हुए निचले इलाकों को खाली कराने के निर्देश दिए। यमुना किनारे के गांवों में सायरन बजाकर चेतावनी दी गई कि कोई भी नदी के पास न जाए और पशुओं को भी वहाँ न ले जाया जाए।

सिरसा जिले में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। डबवाली क्षेत्र के रिसालिया खेड़ा और पक्का गांव में दो मकानों की दीवारें गिर गईं। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। वहीं, राजपुरा माइनर टूटने से लगभग 50 एकड़ फसल जलमग्न हो गई। प्रदेश भर में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच चुका है। घग्गर नदी सिरसा में डेंजर लेवल पर है, वहीं फरीदाबाद में यमुना और कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी उफान पर है।

मौसम विभाग ने रविवार सुबह 8:30 बजे अगले 36 से 48 घंटे भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया। अनुमान है कि 2 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपना यूएई का दौरा रद्द कर दिया है। साथ ही चंडीगढ़ मुख्यालय से जुड़े सभी विभागों की छुट्टियाँ रद्द कर अधिकारियों को स्टेशन न छोड़ने के आदेश दिए गए हैं।

इसी बीच कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा—
📍 हरियाणा में नदियाँ उफान पर, खेत जल मग्न, नायब सैनी सरकार नदारद।
📍 3 लाख एकड़ फसल बर्बाद, 6 लोगों की मौत और हजारों मवेशी बहे।
📍 घग्गर से यमुना तक नदियाँ उफान पर, भारी नुकसान।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने न तो ड्रेन की सफाई, न बाढ़ प्रबंधन और न ही राहत व मुआवज़े की कोई ठोस व्यवस्था की। उन्होंने सवाल किया कि "क्या मुख्यमंत्री अब चुटकुलों और कहकहों से बाहर आकर प्रदेश की सुध लेंगे?"

प्रशासन ने स्वीकार किया कि सिरसा, कैथल और कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में फसलें डूब चुकी हैं और नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर है। अगले 48 घंटे हरियाणा के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।