हिसार में करंट से मौत मामले में जेई-फोरमैन सहित 4 सस्पेंड, विज ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का ऐलान किया
हिसार में हाईटेंशन लाइन टूटने से तीन लोगों की मौत। एनर्जी मंत्री अनिल विज ने मृतक परिवारों को मुआवजा देने के आदेश दिए और जिम्मेदार जेई को निलंबित किया। बिजली निगम ने जांच के लिए कमेटी बनाई।
➤ हिसार में बारिश के दौरान टूटे हाईटेंशन तार से 3 लोगों की मौत, प्रारंभिक जांच में बिजली निगम के कर्मचारियों की गलती सामने आई
➤ जेई पंजाब सिंह, फोरमैन राजपाल और 2 लाइनमैन सस्पेंड, जांच जारी
➤ मंत्री अनिल विज ने मृतकों के परिवार को मुआवजा देने के आदेश दिए
हरियाणा के हिसार में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बारिश के दौरान 33 केवी सब-स्टेशन, सेक्टर 1 और 4 के पास 11 केवी एमजी क्लब फीडर का कंडक्टर टूट गया, जिससे बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में बिजली निगम के जेई पंजाब सिंह, फोरमैन राजपाल और दो लाइनमैन (विजय व अमित कुमार) की गलती सामने आई है। सभी को सस्पेंड कर दिया गया है।
मृतकों में राजकुमार (37), अमित (14) और बंटी (27) शामिल हैं। राजकुमार दो बेटियों के पिता थे और बंटी सुलखनी गांव में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) चलाते थे। हादसा गोगामेड़ी से घर लौटते समय हुआ। करंट लगने के कारण सभी मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान गंवा बैठे।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने के आदेश जारी किए। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी आईएएस अशोक कुमार गर्ग ने बताया कि हादसे की जांच के लिए डायरेक्टर ऑपरेशन और डायरेक्टर की संयुक्त कमेटी बनाई गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही गंभीर है और मृतक परिवारों को कम से कम 50 लाख रुपए मुआवजा मिलना चाहिए।