शाहरुख खान और विक्रांत मैसी को करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड रानी, मुखर्जी बनीं बेस्ट एक्ट्रेस
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में मोहनलाल को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, शाहरुख खान, विक्रांत मैसी और रानी मुखर्जी को करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड मिला।
➤ राष्ट्रपति ने मोहनलाल को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा
➤ शाहरुख खान और विक्रांत मैसी को पहला नेशनल अवॉर्ड मिला
➤ रानी मुखर्जी ने मिसेस चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मंगलवार को आयोजित हुई नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी भारतीय सिनेमा के लिए यादगार रही। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी जीवन यात्रा पर बनी एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई और पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
शाहरुख खान को फिल्म जवान के लिए उनके करियर का पहला बेस्ट एक्टर नेशनल अवॉर्ड मिला। मंच पर पहुंचे शाहरुख हाथ जोड़कर बेहद भावुक दिखे और तालियों से पूरा भवन गूंज उठा। इसी श्रेणी में विक्रांत मैसी को भी उनकी फिल्म 12th फेल के लिए अवॉर्ड दिया गया। दोनों ने साझा रूप से यह उपलब्धि हासिल की।
रानी मुखर्जी को फिल्म मिसेस चटर्जी वर्सेस नॉर्वे के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार दिया गया। यह रानी का भी पहला नेशनल अवॉर्ड है।
संगीत श्रेणी में फिल्म जवान के गाने चलेया के लिए शिल्पा राव को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला। वहीं, फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के गाने ढिंढोरा बाजे रे की कोरियोग्राफी के लिए वैभवी मर्चेंट को सम्मानित किया गया।
कटहल, एकता कपूर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म, को बेस्ट हिंदी फिल्म का खिताब मिला। विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म 12th फेल को बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। इसके अलावा करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी को बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट का सम्मान दिया गया।
रीजनल सिनेमा को भी कई अवॉर्ड मिले। मलयाली एक्ट्रेस उर्वशी को फिल्म ओल्लूझक्कू के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का सम्मान दिया गया। साथ ही एनिमल और द फ्लॉवरिंग मैन जैसी फिल्मों को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिला।
सेरेमनी में फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गजों के साथ युवा कलाकारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस बार के नेशनल अवॉर्ड्स खास इसलिए भी रहे क्योंकि शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और विक्रांत मैसी जैसे सितारों को अपने करियर का पहला राष्ट्रीय सम्मान मिला।
Akhil Mahajan