➤ नीरज चोपड़ा 84.03 मीटर तक सीमित, मेडल से बाहर
➤ सचिन यादव ने किया करियर बेस्ट 86.27 मीटर, चौथे स्थान पर रहे
➤ त्रिनिदाद के वाल्कॉट ने 88.16 मीटर थ्रो के साथ जीता गोल्ड
टोक्यो। टोक्यो में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जेवलिन थ्रो फाइनल में भारत के नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम पदक जीतने में नाकाम रहे। वहीं भारत के ही युवा थ्रोअर सचिन यादव ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 86.27 मीटर का थ्रो निकाला, लेकिन महज 40 सेंटीमीटर के अंतर से वे ब्रॉन्ज मेडल से चूक गए।
फाइनल में त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वाल्कॉट ने 88.16 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर गोल्ड अपने नाम किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 87.38 मीटर के साथ सिल्वर और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन ने 86.67 मीटर का थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
ओलिंपिक और विश्व चैंपियन नीरज इस बार अपनी लय में नज़र नहीं आए। उन्होंने पहला थ्रो 83.65 मीटर और दूसरा थ्रो 84.03 मीटर का निकाला। तीसरा थ्रो फाउल रहा। चौथे प्रयास में वे 82.86 मीटर तक ही जा सके। पांचवां प्रयास भी फाउल रहा और अंततः वे 84.03 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे।
पाकिस्तान के अरशद नदीम भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। उन्होंने पहला थ्रो 82.75 मीटर का निकाला। दूसरा और चौथा प्रयास फाउल रहा, जबकि तीसरा थ्रो 82.73 मीटर का रहा। इस तरह वे 10वें स्थान पर रहे।
भारत के सचिन यादव ने फाइनल में शानदार शुरुआत की। उन्होंने पहले प्रयास में ही 86.27 मीटर का थ्रो कर सबको चौंका दिया। हालांकि, दूसरा प्रयास फाउल रहा। तीसरा थ्रो 85.71 मीटर, चौथा 84.90 मीटर, पांचवां 85.96 मीटर और छठा 80.95 मीटर का रहा। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 86.27 मीटर रहा, जिससे वे चौथे स्थान पर रहे। वे ब्रॉन्ज मेडलिस्ट कर्टिस थॉम्पसन (86.67 मीटर) से सिर्फ 40 सेंटीमीटर पीछे रहे।