: BJP प्रदेश मुख्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, बैरिकेड पर रोके गए कार्यकर्ता
पंचकूला में कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर नेशनल हेराल्ड केस को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोका।
➤ नेशनल हेराल्ड केस को लेकर कांग्रेस का जोरदार विरोध
➤ राव नरेंद्र और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
➤ करीब 40 मिनट प्रदर्शन के बाद लौटे कांग्रेस कार्यकर्ता
हरियाणा के पंचकूला में कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय के सामने लगाए गए बैरिकेड के बाहर ही रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करीब 40 मिनट तक प्रदर्शन किया, जिसके बाद वे वहां से लौट गए।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार गांधी परिवार को साजिशन बदनाम करने के लिए नेशनल हेराल्ड जैसे मामलों में प्रवर्तन निदेशालय का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब भी किसी विपक्षी नेता को दबाना होता है, तब ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की चार्जशीट को कोर्ट द्वारा खारिज किया जाना इस बात का सबूत है कि यह पूरा मामला राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित था। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर विपक्ष को निशाना बना रही है।
प्रदर्शन में कांग्रेस के करीब 300 कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान लगभग 10 विधायक भी मौजूद रहे, जिनमें नूंह से मामन खान, नारनौंद से जस्सी पेटवाड़, महम से बलराम दांगी, बरौदा से इंदूराज नरवाल और करनाल से लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा शामिल थे। एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।
दूसरी ओर, कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल की गलतियों को छुपाने के लिए झूठे आरोप लगा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वोट चोरी और बूथ कैप्चरिंग कांग्रेस के समय में होती थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब व्यवस्था पारदर्शी है।
Author1