हरियाणा IPS केस - कल महापंचायत बुलाई: CM बोले- दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शेंगे नहीं- पूरे मामले में चढ़ा सियासी रंग, कांग्रेस का प्रदर्शन

हरियाणा के सीनियर IPS वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद पोस्टमॉर्टम विवाद गहराया। परिवार ने DGP कपूर और SP बिजारणिया की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम से इनकार किया। सरकार ने SP को हटा दिया, DGP पर भी कार्रवाई के संकेत हैं।

हरियाणा IPS केस - कल महापंचायत बुलाई: CM बोले- दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, बख्शेंगे नहीं- पूरे मामले में चढ़ा सियासी रंग, कांग्रेस का प्रदर्शन

➤ पोस्टमॉर्टम को लेकर विवाद बढ़ा

➤ परिवार ने DGP और SP की गिरफ्तारी तक रोका अंतिम परीक्षण

➤ सरकार में हलचल, DGP को हटाने पर हो सकती कार्रवाई


हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या का मामला गहराता जा रहा है। शनिवार को उनके पोस्टमॉर्टम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। चंडीगढ़ PGI की मॉर्च्युरी में डॉक्टर्स, फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और वीडियोग्राफी टीम तो पहुंच गई, लेकिन परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि “परिवार की सहमति के बिना पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा, हम उनका इंतजार कर रहे हैं।” 

पूरन कुमार के परिवार ने अनुसूचित समाज के नेताओं के साथ 31 सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी ने साफ कहा है कि “जब तक DGP शत्रुजीत कपूर और SP नरेंद्र बिजारणिया गिरफ्तार नहीं किए जाते, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं होगा।” शनिवार सुबह पूरन कुमार की डेडबॉडी चंडीगढ़ सेक्टर-16 अस्पताल से PGI शिफ्ट की गई, लेकिन परिवार ने आरोप लगाया कि बिना सहमति के जबरन ऐसा किया गया। अब रविवार दोपहर 2 बजे सेक्टर-20 के गुरु रविदास गुरुद्वारे में महापंचायत बुलाई गई है, जहां अगला कदम तय होगा।

11 अक्टूबर की सुबह IPS अफसर वाई पूरन कुमार की डेडबॉडी एम्बुलेंस में चंडीगढ़ के सेक्टर 16 अस्पताल से PGI शिफ्ट की गई।

परिवार को मनाने पहुंचे DGP सागर प्रीत हुड्डा

पोस्टमॉर्टम को लेकर बने गतिरोध को दूर करने के लिए चंडीगढ़ के DGP सागर प्रीत हुड्डा, IG पुष्पेंद्र कुमार और SSP कंवरदीप कौर शनिवार सुबह अमनीत पी. कुमार (पूरन कुमार की IAS पत्नी) के सेक्टर-24 स्थित सरकारी आवास पहुंचे। DGP हुड्डा ने कहा, “हम बातचीत कर रहे हैं, परिवार की सहमति से ही प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।” पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार ने मांग की है कि “DGP शत्रुजीत कपूर और SP नरेंद्र बिजारणिया को तुरंत हटाकर गिरफ्तार किया जाए।” उनका कहना है कि “दोनों ने मेरे पति को करप्शन केस में फंसाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।”


SP नरेंद्र बिजारणिया पर गिरी गाज

मामले के बढ़ते दबाव के बीच सरकार ने रोहतक के SP नरेंद्र बिजारणिया को हटा दिया है। बिजारणिया की जगह IPS सुरेंद्र सिंह भौरिया को नया SP नियुक्त किया गया है।
हालांकि, फिलहाल बिजारणिया को कहीं पोस्टिंग नहीं दी गई। बिजारणिया का नाम पूरन कुमार सुसाइड केस की एफआईआर में दर्ज है।
पूरन कुमार की पत्नी ने आरोप लगाया था कि उन्होंने “झूठे केस बनाकर पति को बदनाम किया और मानसिक दबाव बनाया।”


राजनीतिक हलचल तेज, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

पूरन कुमार की आत्महत्या को लेकर कांग्रेस ने पूरे हरियाणा में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “जब तक आरोपी अफसरों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।” हिसार में रविदास महासभा की बैठक हुई और रोहतक में सामाजिक संगठनों ने SP आवास का घेराव किया। INLD प्रमुख अभय चौटाला ने भी कहा कि “DGP को छुट्टी पर भेजा जाए, उनके पद पर रहते निष्पक्ष जांच संभव नहीं।” उन्होंने अपने एक पुराने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि “कांग्रेसियों ने मेरा वीडियो तोड़-मरोड़कर पेश किया है।” AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, “पूरन कुमार दलित परिवार से थे, इसलिए उन्हें टारगेट किया गया। पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है।”


पोस्टमॉर्टम के बाद DGP बदले जाने की संभावना

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात CM हाउस में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। इसमें कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह सचिव सुमिता मिश्रा और IAS राजशेखर वुंडरू मौजूद थे। बैठक में सरकार ने संकेत दिए हैं कि पोस्टमॉर्टम के बाद DGP शत्रुजीत कपूर को हटाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो IAS अधिकारी ओपी सिंह, आलोक मित्तल और अरशिंद्र सिंह चावला DGP की दौड़ में माने जा रहे हैं। सरकार अब पूरन कुमार केस की जांच SIT से तेजी से पूरी कराना चाहती है।