पुलिस और जनता का सहयोग ही नशे पर लगेगा अंकुश
समालखा पुलिस ने गांव-गांव जाकर नशा मुक्ति अभियान चलाया एएसआई जगपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीणों और किन्नर समाज को नशे के खिलाफ जागरूक किया
➤ समालखा में पुलिस का नशा मुक्ति अभियान
➤ गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलाई
➤ किन्नर समाज भी जुड़ा पहल से
अशोक शर्मा, समालखा
हरियाणा के समालखा क्षेत्र में जिला पुलिस ने समाज को नशे की बुराई से बचाने के लिए नई पहल की है। जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नशामुक्ति टीम ने शनिवार को बुडशाम, हड़तड़ी, समालखा और किन्नर समाज के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व टीम प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह ने किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों के साथ बैठकें आयोजित कीं और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि नशा न सिर्फ स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि परिवार और समाज को भी बर्बाद करता है। एएसआई जगपाल सिंह ने कहा कि नशे पर नियंत्रण तभी संभव है जब पुलिस और जनता मिलकर काम करें।
उन्होंने ग्रामीणों और किन्नर समाज की मुखिया से अपील की कि यदि किसी भी व्यक्ति को नशा करते या बेचते देखा जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सामूहिक जागरूकता से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी रोक लगेगी।
Akhil Mahajan