सांसद सैलजा की मीटिंग में MLA सेतिया का हंगामा, गेट कूदकर पहुंचे अंदर
सिरसा में सांसद कुमारी सैलजा की दिशा मीटिंग के दौरान कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने अफसरों पर काम न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो विधायक गेट कूदकर अंदर पहुंचे और समर्थकों संग धरने पर बैठ गए।
• सांसद कुमारी सैलजा की दिशा मीटिंग में कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया का हंगामा
• गेट से रोके जाने पर विधायक ऊपर से कूदकर अंदर पहुंचे, पुलिस से हुई नोकझोंक
• सेतिया बोले— ‘नो प्रोटोकॉल, सिर्फ प्रोटेस्ट’, अफसरों पर काम न करने के लगाए आरोप
हरियाणा के सिरसा जिले में मंगलवार को हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। मीटिंग की अध्यक्षता कर रही थीं सांसद कुमारी सैलजा, और इसी दौरान कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया अपने समर्थकों के साथ पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया।
मगर विधायक सेतिया ने रुकना मुनासिब नहीं समझा। वे गेट के ऊपर से कूदकर अंदर पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत मीटिंग हॉल का बाहरी दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि वे उन अफसरों से जवाब लेना चाहते हैं जो काम नहीं कर रहे। उन्होंने एडीसी और सीईओ पर लापरवाही के आरोप लगाए और राज्य मंत्री रणबीर गंगवा पर भी निशाना साधा।
सेतिया ने कहा कि सिरसा में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, नशे पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, सड़कों और गलियों की हालत खराब है और शहर में पीने के पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी फाइलें अधिकारियों को भेजी हैं, परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही।
थोड़ी देर बाद विधायक ने पुलिस से दोबारा मीटिंग में जाने की अनुमति मांगी, लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। इससे विधायक और समर्थकों के बीच पुलिस से टकराव की स्थिति बन गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विधायक सेतिया ने कहा— “नो प्रोटोकॉल, सिर्फ प्रोटेस्ट। मेरी सीट अंदर है। अगर मैं मीटिंग में चला गया तो अफसरों के लिए जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। आज रोक दोगे, अगली बार कैसे रोक पाओगे।”
इस दौरान डीएसपी आदर्श दीप सिंह ने कहा कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोक लगाई गई है ताकि मीटिंग में हंगामा न हो। विधायक अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ अपनी मांगें रख सकते हैं।
सेतिया बोले कि अगर सिरसा में रहना है तो काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग नशा बेचते हैं या भ्रष्टाचार में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए जनता की आवाज उठाई जाएगी।
मीटिंग में सांसद कुमारी सैलजा, विधायक आदित्य देवीलाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल और कई अधिकारी मौजूद रहे। आम लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे, जबकि ग्रीवांस मीटिंग, जिसमें मंत्री अनिल विज को आना था, रद्द कर दी गई।
विधायक सेतिया ने एक दिन पहले वीडियो जारी कर लोगों से मीटिंग में पहुंचने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सीवरेज, सप्लाई, सफाई, सड़कों, पानी और बिजली की समस्याओं को लेकर सभी लोग अपनी बात रखें।
Author1