सोनीपत में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, बरसाई ईंटें, पांच कर्मचारी घायल

सोनीपत में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर ग्रामीणों ने ईंटों और लात-घूंसों से हमला किया। पांच बिजली कर्मचारी घायल हुए। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सोनीपत में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, बरसाई ईंटें,  पांच कर्मचारी घायल

  • सोनीपत में बिजली चोरी पकड़ने पहुंची टीम पर ग्रामीणों का हमला

  • ईंटों से वार, लात-घूंसे; पांच बिजली कर्मचारी गंभीर घायल

  • मंदिर के पास डायरेक्ट PVC केबल से चोरी पकड़ी गई, FIR दर्ज


हरियाणा के सोनीपत में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम पर अचानक हमला कर दिया गया। टीम जैसे ही चोरी के सबूत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर रही थी, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पहले उन्होंने टीम का विरोध किया, फिर विवाद बढ़ते-बढ़ते हमला करने तक जा पहुंचा।

ग्रामीणों ने ईंटें उठाकर कर्मचारियों पर फेंकनी शुरू कर दीं और लात-घूंसे चलाए। इस हमले में निगम के करीब पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कर्मचारियों को मौके से किसी तरह निकालकर सिविल अस्पताल खरखौदा पहुंचाया गया, जहां सभी को भर्ती किया गया है।

मंदिर के पास डायरेक्ट PVC केबल के माध्यम से बिजली चोरी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात की जांच की। घायल जेई सतबीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला—

शिकायत के अनुसार, बुधवार रात सब-ऑफिस खरखौदा में बिजली चोरी की शिकायत मिली थी। जेई सतबीर सिंह अपनी टीम के साथ रात 10:50 बजे गांव रिढाऊ पहुंचे। रेड रविंद्र के मकान में की गई, जिसके पास एक मंदिर बना हुआ है।

सोनीपत के सरकारी अस्पताल में घायल बिजलीकर्मियों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

गली में पोल न होने के कारण मंदिर की साइड से बिजली की केबल निकाली हुई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी रविंद्र ने केबल में कट लगाकर अवैध कनेक्शन किया हुआ था। जैसे ही टीम ने मंदिर के पास डायरेक्ट PVC केबल से चोरी की वीडियोग्राफी शुरू की, तभी वहां मौजूद 4-5 अज्ञात लोग दौड़े और टीम को घेरकर हमला कर दिया।

हमले में जेई सतबीर, फोरमैन बालकिशन, लाइनमैन नवीन, जोगेंद्र और असिस्टेंट लाइनमैन हरदीप घायल हुए। सतबीर ने बताया कि ग्रामीणों ने लात-घूंसे और ईंटों से वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर घायलों के बयान लिए और चौकी फरमाणा में शिकायत दर्ज की। जांच के बाद मामला धारा 121(1), 221, 132, 3(5) BNS के तहत थाना खरखौदा में दर्ज कर लिया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है।