पंजाब बाढ़ पीड़ितों का सहारा बने सोनू सूद, चाहे सब कुछ दांव पर क्यों न लगाना पड़े, पीछे नहीं हटूंगा
सोनू सूद ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद का जिम्मा उठाया। वीडियो जारी कर लोगों से सहयोग की अपील की और कहा कि पंजाब मेरी रूह है, हम मिलकर हर पीड़ित को दोबारा खड़ा करेंगे।
➤ सोनू सूद ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद का जिम्मा लिया
➤ वीडियो जारी कर लोगों से सहयोग और एकजुटता की अपील
➤ बहन मालविका भी मोगा में राहत कार्यों में जुटीं
कोविड महामारी में आम लोगों के लिए मसीहा साबित हो चुके अभिनेता सोनू सूद अब एक बार फिर मानवीय सेवा में आगे आए हैं। इस बार उन्होंने पंजाब में आई भीषण बाढ़ से जूझ रहे लोगों की मदद का जिम्मा उठाया है। सोनू सूद ने सोमवार को अपने ऑफिशियल X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वह पंजाब के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाने के लिए अभियान शुरू कर चुके हैं।
वीडियो में सोनू सूद ने कहा, "मैं पंजाब के साथ खड़ा हूं। इन भीषण बाढ़ों से प्रभावित कोई भी अकेला नहीं है। हम सब मिलकर हर व्यक्ति को दोबारा खड़ा करने में मदद करेंगे। अगर आपको किसी भी तरह की मदद चाहिए, तो बेहिचक संदेश भेजें। हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे कि आप तक पहुंच सकें और हर संभव सहायता दें। पंजाब मेरी रूह है। चाहे सब कुछ दांव पर क्यों न लगाना पड़े, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और हम कभी हार नहीं मानते।"
सोनू सूद ने अपने संदेश में लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब में कई जानें गई हैं और अनगिनत जानवर भी बाढ़ में बह गए हैं। ऐसे समय में जरूरत है कि हर व्यक्ति अपने स्तर पर आगे आए और अपने गांव-इलाके से जितनी मदद कर सके, करे। उन्होंने बताया कि उनकी बहन मालविका सूद भी मोगा जिले में राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुटी हैं।
सोनू सूद ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को अकेला महसूस न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि वह लगातार अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि बड़े स्तर पर राहत कार्य संचालित किए जा सकें।
गौरतलब है कि पंजाब के 9 जिले – फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला – बाढ़ की चपेट में हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1312 गांव प्रभावित हो चुके हैं। इन हालात में सोनू सूद की अपील ने राहत और उम्मीद की नई किरण जगा दी है।