महिला डॉक्टर संग योन शोषण विवाद में गिरफ़्तारी से बचने के लिए FIR दर्ज होते ही आरोपी CMO अंडरग्राउंड

यमुनानगर के CMO डॉ. मंजीत सिंह पर महिला डॉक्टर ने यौन उत्पीड़न और जातिसूचक टिप्पणियों का आरोप लगाया है। FIR दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार हैं और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

महिला डॉक्टर संग योन शोषण विवाद में गिरफ़्तारी से बचने के लिए FIR दर्ज होते ही आरोपी CMO अंडरग्राउंड

➤ यमुनानगर के CMO डॉ. मंजीत सिंह पर यौन उत्पीड़न और जातिसूचक टिप्पणियों का मामला
➤ FIR दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार, गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे
➤ पुलिस की दबिश तेज, जमानत के लिए वकीलों से संपर्क कर रहे आरोपी


हरियाणा के यमुनानगर जिले में स्वास्थ्य विभाग के चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) डॉ. मंजीत सिंह पर लगे गंभीर आरोपों ने पूरे जिले में हलचल मचा दी है। महिला डॉक्टर की शिकायत पर दर्ज FIR के बाद से आरोपी CMO फरार चल रहे हैं। उन पर यौन उत्पीड़न और जातिसूचक टिप्पणियों का आरोप है, जिसके बाद मामला मीडिया और सोशल मीडिया में तेजी से हाइलाइट हो गया है।

पीड़िता, जो यमुनानगर में कंसल्टेंट डॉक्टर हैं, ने बताया कि 20 सितंबर को आरोपी ने उन्हें वॉट्सऐप कॉल पर अश्लील टिप्पणियां कीं और संबंध बनाने की मांग रखी। रिकॉर्डिंग में आरोपी के कथित शब्द भी शामिल हैं, जिसमें उन्होंने कहा – "अभी नहीं तो कभी नहीं, 10 से 15 मिनट में तैयार हो जाओ... मैं तेरे साथ संबंध बनाना चाहता हूं।" इन गंभीर आरोपों के आधार पर 22 सितंबर को महिला थाना यमुनानगर में FIR दर्ज की गई, जिसमें छेड़छाड़ की धाराओं के साथ SC/ST अधिनियम भी लगाया गया है।

FIR दर्ज होने के बाद डॉ. मंजीत सिंह ने अपना फोन बंद कर लिया और विभिन्न ठिकानों पर छिपने लगे। सूत्रों के अनुसार, वे गिरफ्तारी से बचने के लिए रिश्तेदारों और परिचितों के यहां शरण ले रहे हैं, साथ ही जमानत के लिए कानूनी प्रयास कर रहे हैं।

इस मामले पर एएसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने साफ किया कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

चूंकि पीड़िता एक प्रभावशाली राजनैतिक परिवार से जुड़ी हैं, ऐसे में पुलिस पर गिरफ्तारी को लेकर अतिरिक्त दबाव भी बना हुआ है। वहीं, स्थानीय स्तर पर डॉक्टर समुदाय और महिला संगठनों ने भी इस प्रकरण की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग उठाई है।