हरियाणा में पटवारी-सहायक रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े: म्यूटेशन के लिए मांगे ₹30 हजार, ACB का ट्रैप सफल

उप तहसील गोच्छी में एंटी करप्शन ब्यूरो ने पटवारी और उसके सहायक को म्यूटेशन चढ़ाने के नाम पर ₹30 हजार की रिश्वत मांगने के आरोप में रंगेहाथ गिरफ्तार किया। ट्रैप के दौरान ₹20 हजार बरामद हुए।

हरियाणा में पटवारी-सहायक रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े: म्यूटेशन के लिए मांगे ₹30 हजार, ACB का ट्रैप सफल

म्यूटेशन चढ़ाने के नाम पर मांगे गए थे ₹30 हजार
पाउडर लगे नोट देकर शिकायतकर्ता को भेजा, रंगेहाथ गिरफ्तारी
पटवारी और सहायक के पास से ₹20 हजार बरामद

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप तहसील गोच्छी में तैनात पटवारी जितेंद्र भाटी और उसके सहायक विनोद को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी म्यूटेशन चढ़ाने के नाम पर शिकायतकर्ता से ₹30 हजार की मांग कर रहे थे। ट्रैप के दौरान ₹20 हजार की रिश्वत राशि बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता शत्रुजीत शर्मा गांव में स्थित अपनी 18 वर्गगज की दुकान और 50 वर्गगज के मकान की म्यूटेशन के लिए कई महीनों से तहसील के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि पटवारी उनका काम लंबित रखे हुए था। इस बीच उसके सहयोगी विनोद ने म्यूटेशन कराने के एवज में ₹30 हजार की मांग की। बाद में ₹25 हजार में सौदा तय हुआ और ₹5 हजार एडवांस ले लिए गए।

शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल

जब आरोपियों ने शेष राशि की मांग दोबारा की, तो पीड़ित ने ACB से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया। शिकायतकर्ता को पाउडर लगे नोट देकर आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही पैसे सौंपे गए, पहले से मौजूद टीम ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान पटवारी की गाड़ी से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

म्यूटेशन के लिए कटवाए जा रहे थे चक्कर

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह कई महीनों से म्यूटेशन प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, लेकिन बिना रिश्वत काम नहीं किया जा रहा था। एसीबी की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।