हरियाणा में इमिग्रेशन सेंटर संचालक के घर चली गोलियां, गैंगस्टर वेंकट गर्ग ने ली जिम्मेदारी
साढौरा में इमिग्रेशन एजेंट नीरज कुमार के घर बदमाशों ने की फायरिंग, गैंगस्टर वेंकट गर्ग ने फेसबुक पर ली जिम्मेदारी, पुलिस ने छह टीमें बनाकर तलाश शुरू की
➤ साढौरा में इमिग्रेशन एजेंट नीरज कुमार के घर रात को बदमाशों ने की फायरिंग
➤ गैंगस्टर वेंकट गर्ग ने फेसबुक पर घटना की जिम्मेदारी ली
➤ पुलिस ने छह टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू की, इलाके में दहशत
यमुनानगर जिले के कस्बा साढौरा में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। कच्चा किला क्षेत्र में रहने वाले इमिग्रेशन सेंटर संचालक नीरज कुमार के घर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक छह राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां घर की रेलिंग पर, दो गोलियां ऊपरी मंजिल के चौबारे के शीशे पर और दो गोलियां दीवार पर लगीं। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर कच्चा किला गुरुद्वारा के पास पहुंचे थे और नीरज कुमार के घर के सामने फायरिंग की। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वारदात की जिम्मेदारी फेसबुक अकाउंट वेंकट गर्ग नारायणगढ़ ने ली, जिसमें लिखा गया कि “नीरज एजेंट के घर पर गोली मैंने चलवाई है। हमारे बहुत भाईयों के पैसे खा रहे हैं और रास्ते में अपहरण करवा रखा है।” पोस्ट में यह भी कहा गया कि पुलिस ने उनका साथी साहिल पकड़ा है और उसके पास कोई हथियार नहीं है।
नीरज कुमार पेशे से विदेश भेजने का काम करते हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान है। गोलीबारी की आवाज सुनकर लोग घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही थाना साढौरा पुलिस, एसपी कमलदीप गोयल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से छह खाली खोल बरामद किए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
एसपी कमलदीप गोयल के निर्देश पर बदमाशों की तलाश के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया। रात और सुबह तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन आरोपी अभी तक पकड़े नहीं गए हैं।
गैंगस्टर वेंकट गर्ग का नाम पहले भी चर्चा में रहा है। जनवरी 2025 में अंबाला में बसपा नेता हरबिलास की हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद वह सुर्ख़ियों में आया था। वह नारायणगढ़ का निवासी है और पहले लॉरेंस तथा काला राणा गैंग से जुड़ा था। पिछले ढाई साल से उसने अपनी गैंग बनाई और यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, चंडीगढ़ व जगाधरी में हत्या, रंगदारी और फायरिंग के कई मामलों में शामिल रहा है।
वेंकट गर्ग पर पहले भी हमले हुए हैं। 2024 में नारायणगढ़ के एक रेस्टोरेंट में चार बदमाशों ने उस पर तलवारों से हमला किया, जिसमें उसकी टांग टूट गई। इसके अलावा उसने 2023 में सरपंच रमन की शादी में फायरिंग कर मामा पर हमला किया था। इसके अलावा, अंबाला और जगाधरी जेल में मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए भी वह पकड़ा गया था।
हाल ही में पुलिस ने उसके सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। जुलाई 2025 में यमुनानगर पुलिस ने विकास अली और मोहित कुमार को साढौरा में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसके शार्प-शूटर्स हर्षदीप और नवीन धीमान को रोहिणी में पकड़ा। वहीं, जुलाई 2025 में ऊना (हिमाचल) में हुई हत्या की जिम्मेदारी भी वेंकट गर्ग ने सोशल मीडिया पर ली थी।
इस घटना से साढौरा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया है।