10 दिन से था लापता युवक, अचानक गांव के खाली प्लॉट से मिला जला हुआ शव, डेढ़ साल के बच्चे का था पिता
फरीदाबाद के बहराम पट्टी गांव में 10 दिन से लापता युवक इरफान का जला हुआ शव बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने जांच शुरू की।
➤ फरीदाबाद के बहराम पट्टी गांव में 10 दिन से लापता युवक का जला हुआ शव मिला
➤ मृतक इरफान की पहचान परिवार ने की, हत्या कर लाश जलाने का आरोप
➤ पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र के गांव बहराम पट्टी में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब 10 दिन से लापता युवक इरफान का शव गांव के ही एक खाली प्लॉट में जली हुई अवस्था में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा।
32 वर्षीय इरफान 10 सितंबर की सुबह अपने गांव के ही एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर पाली गांव में ड्यूटी के लिए निकला था। लेकिन वह कंपनी पहुंचा ही नहीं और उसी दिन से लापता हो गया। लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। परिवार ने 14 सितंबर को धौज थाना पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
20 सितंबर को गांव के ही एक छोटे बच्चे ने पतंग लूटने के दौरान खाली प्लॉट में जली हुई लाश देखी। बच्चे ने यह बात गांववालों को बताई और फिर सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान इरफान के रूप में की। मृतक के भाई इरशाद ने आरोप लगाया कि इरफान को पहले गायब किया गया, फिर उसकी हत्या कर लाश को जलाकर गांव में फेंक दिया गया। उनका कहना है कि इस वारदात में 3-4 लोग शामिल हो सकते हैं।
मृतक इरफान घर का सबसे बड़ा बेटा था। उसकी पत्नी खुशबू तीन महीने की गर्भवती है और डेढ़ साल का एक बच्चा भी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इरफान की पत्नी ने बताया कि वह रोजाना गांव के ही एक युवक के साथ बाइक से ड्यूटी जाता और लौटते समय ऑटो से आता था। 10 सितंबर की सुबह वह खाना खाकर और टिफन लेकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया।
धौज थाना पुलिस के एएसआई तेजवीर ने बताया कि शव 3-4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और जली हुई अवस्था में बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लग रहा है। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण और वारदात का समय स्पष्ट हो पाएगा।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और परिजनों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलवाए।