फतेहाबाद में पुलिस की कार्रवाई के दौरान व्यक्ति की मौत: पत्नी का आरोप- सीने पर मारे मुक्के, अधिकारी बोले- अस्पताल पहुंचाया
हरियाणा के फतेहाबाद में सीआईए पुलिस की कार्रवाई के दौरान 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घर में घुसकर पीटा, जबकि पुलिस ने कहा – “हेरोइन पकड़ने गए थे, हालत बिगड़ गई।”
• गुरुनानकपुरा मोहल्ले में व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत
• पत्नी का आरोप – “सीआईए कर्मियों ने घर में घुसकर पीटा, सीने पर मुक्के मारे”
• पुलिस बोली – “हेरोइन पकड़ने गए थे, हालत बिगड़ी तो अस्पताल लाए, वहीं मौत हुई”
हरियाणा के फतेहाबाद शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ला में मंगलवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान जरनैल सिंह (42) के रूप में हुई है। परिवार ने आरोप लगाया कि सीआईए टीम के पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर उसकी सीने और चेहरे पर मुक्के मारे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, सीआईए इंचार्ज वेदपाल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि मृतक हेरोइन बेचता था। पुलिस जब हेरोइन बरामद करने गई तो उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। टीम ने ही उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी मंजीत कौर का कहना है कि उनका परिवार तीन बच्चों — दो बेटियों और एक बेटे — के साथ गुजर-बसर करता है। जरनैल पहले मजदूरी करते थे, बाद में बीमारी के चलते घर पर ही रहते थे।
मंजीत ने बताया कि मंगलवार को जब वह बूटीक में काम पर गई थीं, तभी दो पुलिसकर्मी घर पर पहुंचे। उन्होंने ऊपर से झांककर देखा कि “दो पुलिसकर्मी मेरे पति को छाती और मुंह पर मुक्के मार रहे थे।”
उनका आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मी जरनैल को गाड़ी में घसीटकर ले गए। जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो पुलिस ने कहा – “यह ड्रामा कर रहा है।” पत्नी का कहना है कि पुलिस डेड बॉडी लेकर ही अस्पताल पहुंची।
पुलिस पक्ष ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। सीआईए प्रभारी वेदपाल ने बताया कि जरनैल सिंह अवैध शराब और हेरोइन बेचता था। पुलिस ने उससे एक ग्राम हेरोइन खरीदी थी, जिसके बाद उसे पकड़ने टीम गई।
उनके अनुसार, जब टीम ने घर का दरवाजा खुलवाया, तभी जरनैल को दौरा पड़ गया। टीम ने उसे संभालते हुए अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान परिजन और महिलाएं खींचतान करने लगीं। वेदपाल ने कहा कि “इलाज के दौरान उसकी मौत हुई और हमारे पास कोई हथियार नहीं था। आरोप पूरी तरह गलत हैं।”
सिविल अस्पताल के डॉक्टर अंबा दान ने बताया कि जब पुलिस जरनैल सिंह को लेकर आई, तब वह मृत अवस्था में था। उन्होंने कहा, “पल्स नहीं चल रही थी। हमने कोशिश की लेकिन कोई असर नहीं हुआ।”
डॉक्टर ने कहा कि शरीर पर चोटों के निशान की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही की जा सकेगी
Author1