आईपीएस पूरन कुमार केस: मरने से पहले जानें किनIAS-IPS अफसरों और वकीलों से की थी बात, पुलिस करेगी पूछताछ
हरियाणा आईपीएस वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में चंडीगढ़ पुलिस उनकी कॉल डिटेल्स के आधार पर आईएएस, आईपीएस अफसरों और वकीलों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। जांच में सबसे बड़ी बाधा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा लैपटॉप देने से इनकार करना है। पुलिस ने परिजनों को लेटर लिखकर पोस्टमॉर्टम के लिए बुलाया है, और जल्द ही SIT रोहतक जेल में बंद गनमैन से भी पूछताछ करेगी।
➤ IPS ने मरने से पहले कई से बात की
➤ जांच के लिए पोस्टमॉर्टम व लैपटॉप जरूरी
➤ DGP-15 अफसरों पर पहले ही केस दर्ज
हरियाणा के सीनियर आईपीएस (IPS) अफसर वाई. पूरन कुमार के सुसाइड मामले की जांच में अब बड़ा मोड़ आने वाला है। चंडीगढ़ पुलिस ने सुसाइड से ठीक पहले आईपीएस अफसर से बात करने वाले कई आईएएस (IAS)-आईपीएस (IPS) अफसर और वकीलों को पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी कर ली है। हालांकि, पुलिस ने इन हाई-प्रोफाइल नामों को अभी सार्वजनिक नहीं किया है।
7 अक्टूबर को सेक्टर-11 स्थित आवास के बेसमेंट में बने थिएटर में पूरन कुमार की लाश के पास ही उनका मोबाइल बरामद हुआ था। इसकी कॉल डिटेल खंगालने पर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्महत्या से पहले पूरन कुमार ने अपनी पत्नी आईएएस अफसर अमनीत पी. कुमार को लास्ट नोट भेजा था और कई आईएएस, आईपीएस अधिकारियों, अपने वकील और कुछ करीबियों से बात की थी। एसआईटी (SIT) अब इन कॉल डिटेल्स के क्रम और समय की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
इससे पहले, चंडीगढ़ पुलिस पूरन कुमार के 8 पेज के लास्ट नोट के आधार पर DGP शत्रुजीत कपूर समेत 15 अफसरों पर केस दर्ज कर चुकी है। जांच टीम का मुख्य लक्ष्य यह पता लगाना है कि मरने से ठीक पहले किन-किन लोगों से क्या-क्या बात हुई और क्या यह सुसाइड के लिए उकसाने का अंतिम कारण बना।
जांच में सबसे बड़ी बाधा अभी भी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट है, जिसके बिना जांच आगे नहीं बढ़ पाएगी। पुलिस ने परिवार को लेटर लिखकर शव की शिनाख्त के लिए बुलाया है, क्योंकि पोस्टमॉर्टम में देरी से कई अहम सबूत प्रभावित हो सकते हैं।
इसके अलावा, चंडीगढ़ पुलिस उस लैपटॉप की भी तलाश कर रही है जिस पर सुसाइड नोट टाइप किया गया था, लेकिन परिजनों ने लैपटॉप देने से इनकार कर दिया है। पुलिस लैपटॉप से फिंगर प्रिंट्स और ईमेल डिटेल्स पता करना चाहती है। एसआईटी चीफ पुष्पेंद्र कुमार ने हरियाणा पुलिस से पूरन कुमार के गनमैन सुशील के खिलाफ दर्ज FIR का पूरा रिकॉर्ड मांगा है और जल्द ही कोर्ट से अनुमति लेकर रोहतक जेल में बंद गनमैन से पूछताछ की जा सकती है। एसआईटी ने रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने पहुंचकर रीडर श्याम सुंदर (जो छुट्टी पर हैं) और एएसआई सुनील (जिनका ट्रांसफर भिवानी हो चुका है) के बारे में भी जानकारी जुटाई है।
Author1