स्कूलों की आड़ में रियल एस्टेट का काला धन, हरियाणा में इनकम टैक्स की बड़ी रेड

फरीदाबाद और एनसीआर में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी। निजी स्कूलों और रियल एस्टेट कंपनियों से 4 करोड़ से ज्यादा नकदी बरामद, कई ठिकानों पर जांच जारी।

स्कूलों की आड़ में रियल एस्टेट का काला धन, हरियाणा में इनकम टैक्स की बड़ी रेड

➤ निजी स्कूल परिसरों से 95 लाख कैश बरामद
➤ 30 ठिकानों पर 32 घंटे चली आयकर विभाग की कार्रवाई
➤ फरीदाबाद-एनसीआर में 4 करोड़ से ज्यादा नकदी जब्त



हरियाणा और एनसीआर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुधवार तड़के सुबह आयकर विभाग की 100 से अधिक गाड़ियों का काफिला एक साथ 30 अलग-अलग ठिकानों पर पहुंच गया। शिक्षा और रियल एस्टेट की आड़ में चल रहे काले धन के बड़े खेल का पर्दाफाश करते हुए आयकर विभाग ने निजी स्कूलों और रियल एस्टेट कंपनियों से जुड़े परिसरों पर छापेमारी कर करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।

सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई फरीदाबाद, नूंह, सोहना, पलवल और गाजियाबाद तक फैली रही। जांच में हरियाणा, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली से आई आयकर विभाग की संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चली इस सघन जांच में 200 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, जो नोट गिनने की मशीनों और दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष उपकरणों के साथ पहुंचे थे।

शिक्षा के नाम पर घूम रहा था रियल एस्टेट का पैसा

आधिकारिक सूत्रों और आईआरएस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि रियल एस्टेट कंपनियों से आने वाले अवैध धन को निजी स्कूलों में निवेश के नाम पर खपाया जा रहा था। फरीदाबाद के सेक्टर-81 स्थित एक नामी निजी स्कूल परिसर से ही आयकर टीम ने 95 लाख रुपये नकद बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि स्कूलों के खातों और रियल एस्टेट लेन-देन के बीच गहरा वित्तीय संबंध था।

30 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई, 32 घंटे तक चली जांच

आयकर विभाग ने कुल 30 लोकेशंस पर एक साथ छापा मारा। इनमें रियल एस्टेट कंपनियों के दफ्तर, निजी स्कूल परिसर और कारोबारियों के आवास शामिल थे। होडल निवासी रियल एस्टेट कारोबारी संदीप अग्रवाल के घर पर भी टीम ने करीब 32 घंटे तक डेरा डाले रखा। इस दौरान कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच की गई।

आभूषणों की जांच, फोरेंसिक टीम भी मैदान में

छापेमारी के दूसरे दिन कार्रवाई और तेज कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कई ठिकानों से भारी मात्रा में सोने के आभूषण भी मिले हैं। इनकी सही कीमत का आंकलन करने के लिए एक्सपर्ट वैल्यूअर्स को बुलाया गया है। नियमों के तहत तय सीमा से अधिक पाए जाने वाले आभूषणों को जब्त किया जाएगा।
इसके साथ ही 20 से अधिक साइटों पर फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से मोबाइल फोन, लैपटॉप और कंप्यूटर का डेटा रिकवर कर उसकी कॉपी तैयार की जा रही है, ताकि काले धन के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

रियल एस्टेट और स्कूलों का नेक्सस जांच के घेरे में

इस कार्रवाई की जद में दो बड़ी रियल एस्टेट कंपनियां और उनके साझेदार आए हैं। आयकर विभाग का मानना है कि डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। विभाग अब बरामद नकदी और संपत्तियों के स्रोत की जांच कर रहा है। आने वाले दिनों में संपत्तियों की कुर्की और कुछ अहम लोगों पर कानूनी कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा।