शहीद तेज सिंह की प्रतिमा खंडित, देर रात शरारती तत्वों ने तोड़ी शहीद की मूर्ति, ग्रामीणों में रोष

फरमाणा गांव में शहीद तेज सिंह की प्रतिमा शरारती तत्वों द्वारा खंडित कर दी गई। 54 साल बाद स्थापित मूर्ति तोड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस जांच में जुटी।

शहीद तेज सिंह की प्रतिमा खंडित, देर रात शरारती तत्वों ने तोड़ी शहीद की मूर्ति, ग्रामीणों में रोष

  • शहीद तेज सिंह की प्रतिमा शरारती तत्वों ने देर रात खंडित

  • 54 साल बाद स्थापित की गई मूर्ति तोड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश

  • ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर की मांग– आरोपियों पर सख्त कार्रवाई


सोनीपत जिले के गांव फरमाणा में देर रात शरारती तत्वों ने शहीद तेज सिंह की प्रतिमा को खंडित कर दिया। घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के अनुसार तेज सिंह की प्रतिमा को अभी हाल ही में, 3 नवंबर को शहीद दिवस पर 54 साल बाद स्मारक स्थल बनाकर स्थापित किया गया था।

रात में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इस सम्मान की प्रतीक प्रतिमा को तोड़ दिया गया। प्रतिमा की खंडित हालत देखकर गांव के लोग एकजुट हो गए और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर विरोध जताने लगे। ग्रामीणों ने इसे शहीद का अपमान बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

गांव वालों ने कहा कि यह कृत्य बेहद शर्मनाक है और आरोपी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाने चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दे।

गांव फरमाणा के रहने वाले शहीद तेज सिंह, भारत-पाकिस्तान युद्ध 1971 में वीरगति को प्राप्त हुए थे। देश सेवा के लिए उन्हें सेना द्वारा चार बड़े सम्मान प्रदान किए गए थे।

सूचना मिलते ही खरखोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।