ट्रेडिंग कंपनी लूटकांड में शामिल दो बदमाशों का एनकाउंटर, CIA टीम पर की फायरिंग
फतेहाबाद के टोहाना में ट्रेडिंग कंपनी लूटकांड के दो वांटेड बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, CIA टीम पर फायरिंग के बाद दोनों घायल, बॉक्सर गैंग से जुड़े तीनों आरोपी गिरफ्तार।
➤फतेहाबाद के टोहाना में मुठभेड़, दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली
➤बॉक्सर गैंग से जुड़े तीनों आरोपी 72 घंटे में गिरफ्तार
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में ट्रेडिंग कंपनी में हुई लूट के मामले में शनिवार सुबह बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गौरव ट्रेडिंग कंपनी लूटकांड में वांटेड दो आरोपियों ने CIA पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ टोहाना क्षेत्र में हुई, जहां घायल आरोपियों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल उर्फ बच्ची और मोनू उर्फ मोनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कुख्यात बॉक्सर गैंग से जुड़े हुए हैं।
इस लूटकांड में शामिल तीसरा आरोपी उदित सैनी पहले ही वारदात के कुछ घंटे बाद गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को दबोच लिया है। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी को दुकान के अंदर फायरिंग करते हुए देखा गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास मोटरसाइकिल और देसी कट्टे थे। जब पुलिस टीम ने उन्हें घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कमल उर्फ बच्ची इस पूरे लूटकांड का मुख्य आरोपी है। वह पहले भी टोहाना के एक रेस्टोरेंट पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के मामले में शामिल रहा है। वह युवाओं को पैसों का लालच देकर गैंग में शामिल करता था और उनसे आपराधिक वारदातें करवाता था।
4 फरवरी की शाम तीन हथियारबंद बदमाश स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर गौरव ट्रेडिंग कंपनी पहुंचे थे। पिस्टल के बल पर उन्होंने गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये लूटे और जाते समय दुकान की ओर फायरिंग भी की थी। बदमाशों ने खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए दोबारा आने की धमकी दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने CIA, सिटी पुलिस समेत चार टीमें गठित की थीं। आखिरकार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।
फतेहाबाद के एसपी सिद्धांत जैन ने स्पष्ट कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले कहां-कहां और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
Akhil Mahajan