गन्नौर में कब्रिस्तान पर ओपन जिम, राजनीतिक विवाद गरमाया

हरियाणा सरकार ने ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा की बैठकों में चाय और नाश्ते पर ₹4,000 तक खर्च करने की मंजूरी दे दी है। यह खर्च ग्राम पंचायत के फंड से किया जा सकेगा और इसे वैध चार्ज माना जाएगा। यह फैसला हरियाणा पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 44 के तहत लिया गया है।

गन्नौर में कब्रिस्तान पर ओपन जिम, राजनीतिक विवाद गरमाया

गांव थरिया में कब्रिस्तान पर ओपन जिम — राजनीतिक संवेदनहीनता का प्रतीक
गन्नौर में विधायक-प्रशासन की मिलीभगत का आरोप, सरपंच भय के माहौल में
देवेंद्र गौतम बोले — लोकतंत्र नहीं, गन्नौर में चल रहा विधायक तंत्र



हरियाणा के गन्नौर विधानसभा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव थरिया में पंचायत भूमि न होने के नाम पर कब्रिस्तान की जमीन पर ओपन जिम बनवाया गया है। इस फैसले ने न केवल स्थानीय लोगों में नाराजगी पैदा की है, बल्कि इसे लेकर राजनीतिक तूफान भी खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के सोनीपत लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष देवेंद्र गौतम ने इसे “प्रशासन और सत्ता की संवेदनहीनता” बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि गन्नौर में विकास नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रताड़ना का खेल चल रहा है।

देवेंद्र गौतम ने प्रेस नोट जारी करते हुए कहा कि गन्नौर क्षेत्र अब विकास से नहीं, बल्कि विधायक की रंजिश और प्रशासन की मिलीभगत से पहचाना जाने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन सरपंचों ने निर्दलीय विधायक का समर्थन नहीं किया, उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, सस्पेंशन की धमकी दी जा रही है और पंचायत कार्यों में अड़ंगे डाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “विधायक तंत्र” गन्नौर में लोकतंत्र की जगह ले चुका है।

भ्रष्टाचार और भय का वातावरण
गौतम ने आगे कहा कि कई गांवों के सरपंच भय और दबाव में काम कर रहे हैं। जो पंचायतें सरकार की मर्जी से नहीं चलतीं, उन्हें नोटिस और प्रशासनिक धमकियों से डराया जा रहा है। गांव बजाना खुर्द में ब्राह्मण चौपाल निर्माण, महात्मा गांधी ग्रामीण आवास योजना के तहत प्लॉट आवंटन और अवैध कब्जों को हटाने जैसी पहल करने वाले सरपंचों को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन से दबाव बनवाकर पुराने कब्जों को नियमित घोषित करने के लिए दस्तावेजों पर साइन करवाने की कोशिश की जा रही है — यह भूमि माफियाओं को बचाने की साजिश है।

कब्रिस्तान में ओपन जिम — सरकार का विकास मॉडल?
गौतम ने तीखे शब्दों में कहा, “सरकार का नया विकास मॉडल देखिए — कब्रिस्तान में जिम लगवाया जा रहा है! शायद अब सरकार चाहती है कि मरने के बाद भी लोग व्यायाम करते रहें।” उन्होंने कहा कि पंचायत के पास जमीन नहीं है, लेकिन कब्रिस्तान में कब्जा करके ‘विकास’ की फोटो खिंचवाना सत्ता के अहंकार की पराकाष्ठा है। यह विकास नहीं बल्कि ‘राजनीतिक शवयात्रा’ का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि कब्रिस्तान में जिम लगाना धार्मिक और सामाजिक संवेदनशीलता का खुला उल्लंघन है। यह प्रशासनिक असंवेदनशीलता की मिसाल है और इसकी जांच उच्चस्तरीय समिति से कराई जानी चाहिए।

भाजपा पर तीखा हमला
देवेंद्र गौतम ने कहा कि “भाजपा सरकार हरियाणा में लोकतंत्र की रीढ़ पर प्रहार कर रही है। गन्नौर में निर्दलीय विधायक के नाम पर भाजपा का परोक्ष शासन चल रहा है। प्रशासन और पंचायत अधिकारी इस गठजोड़ का हिस्सा बन चुके हैं। डीसी और बीडीपीओ की भूमिका भी संदिग्ध है क्योंकि सब कुछ उनकी मौन स्वीकृति से चल रहा है।”

जनता से अपील — सवाल पूछने का समय आ गया है
उन्होंने कहा कि गन्नौर विधानसभा की जनता को अब सवाल पूछने चाहिए — आखिर गरीब जनता का विकास कब होगा? उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और किसी भी तरह के अन्याय या राजनीतिक प्रताड़ना को बर्दाश्त नहीं करेगी।