विदेशी मुद्रा एक्सचेंज के बहाने 23.48 लाख की लूट, चार गिरफ्तार
गुरुग्राम में विदेशी मुद्रा एक्सचेंज के बहाने FOREX एक्सपर्ट से 23.48 लाख की लूट का खुलासा हुआ। अपराध शाखा ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी पर कई गंभीर मामले दर्ज थे।
• विदेशी मुद्रा एक्सचेंज के बहाने 23 लाख 48 हजार की लूट
• गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने 4 आरोपी गिरफ्तार कर किया बड़ा खुलासा
• पीड़ित FOREX एक्सपर्ट को होटल में बुलाकर हथियारों से बनाया बंधक
गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-31 अपराध शाखा की सहायता से विदेशी मुद्रा एक्सचेंज के बहाने बुलाई गई एक बड़ी लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला एक दिसंबर का है जब सेक्टर-57 स्थित एक होटल में FOREX विशेषज्ञ और उसके साथी को बुलाकर बंधक बनाया गया था। आरोपियों ने हथियार के बल पर दोनों से 23 लाख 48 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और बाइक लूट ली थी।
पीड़ित ने दो दिसंबर को थाना सेक्टर-56 में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसे 26 हजार अमेरिकी डॉलर एक्सचेंज करने के लिए फोन आया था, जिसके बाद वह साथी को साथ लेकर होटल आशियाना एलीट पहुंचा। होटल के कमरे नंबर 102 में प्रवेश करते ही दरवाजा अंदर से लॉक कर दिया गया। इस दौरान दो लोग बाथरूम में छिपे थे जो हथियार लेकर बाहर आए और तीनों ने मिलकर दोनों पीड़ितों को बांध दिया। उनके मुंह पर टेप लगाई और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद तालीम उर्फ तनवीर, पम्मी उर्फ पोमी, रोहित उर्फ नोना और नवीन के रूप में हुई है। तालीम को गुरुग्राम से जबकि तीन अन्य को जींद से दबोचा गया।
पुलिस PRO संदीप के अनुसार पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह चारों आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और विदेश में बैठे अपने एक साथी के साथ मिलकर पूरी घटना की योजना बनाई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पम्मी और रोहित पहले से कई लूट और छीनाझपटी के मामलों में वांछित थे। पम्मी एक हत्या के मामले में भी फरार था और पानीपत के एक केस में वह कोर्ट द्वारा बेल जम्पर घोषित किया जा चुका है।
पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की जांच कर रही है। इस वारदात के खुलासे के बाद पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
Author1