गुरुग्राम को बड़ी सौगात: मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट का शुभारंभ, खट्टर-सैनी साथ

गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार का भूमि पूजन सीएम नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर ने किया। कार्यक्रम में मेट्रो विस्तार योजनाओं, स्टार्टअप इनक्यूबेटर और सेमीकंडक्टर हब की घोषणा की गई।

गुरुग्राम को बड़ी सौगात: मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट का शुभारंभ, खट्टर-सैनी साथ

➤ गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार का भूमि पूजन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर हुए शामिल
➤ परियोजना से गुरुग्राम को जाम व प्रदूषण से मिलेगी राहत, मेट्रो कनेक्टिविटी दिल्ली, करनाल, नीमराणा और फरीदाबाद तक बढ़ाई जाएगी
➤ मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम को स्टार्टअप्स और सेमीकंडक्टर हब बनाने की घोषणा की, खट्टर बोले- मेट्रो कनेक्टिविटी में भारत अमेरिका से भी आगे बढ़ेगा

गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार परियोजना का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस के अवसर पर इस परियोजना की शुरुआत को ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर को एक आधुनिक और सशक्त परिवहन प्रणाली की आवश्यकता थी और यह मेट्रो प्रोजेक्ट सिर्फ निर्माण कार्य नहीं, बल्कि शहर की आर्थिक प्रगति, पर्यावरण सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का संकल्प है।

गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार के लिए भूमि पूजन करते सीएम नायब सैनी केंद्रीय मंत्री खट्टर। - Dainik Bhaskar

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मेट्रो से गुरुग्रामवासियों को जाम और प्रदूषण की समस्या से राहत मिलेगी और इसका लाभ हर नागरिक महसूस करेगा। उन्होंने इस परियोजना को गुरुग्राम की नई पहचान बताया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे और जनसभा को संबोधित किया गया।

सीएम सैनी ने कहा कि यह परियोजना यहीं रुकने वाली नहीं है। उन्होंने रेजांग ला चौक से द्वारका सेक्टर-21, सेक्टर 56 से पंचगांव, दिल्ली से करनाल, दिल्ली से नीमराणा और गुरुग्राम से फरीदाबाद व नोएडा तक मेट्रो विस्तार की योजना बताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई गति देने का काम किया है और गुरुग्राम के विकास के लिए बजट में 2014 से अब तक 1909 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार के लिए भूमि पूजन के बाद जनसभा में मंच पर बैठे केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री।

भूमि पूजन से पहले सीएम ने सेक्टर-43 स्थित पावर ग्रिड में कष्ट निवारण समिति की बैठक भी की, जिसमें 18 शिकायतें सुनी गईं। बैठक में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और विधायक मुकेश शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि एयरपोर्ट से नजदीकी ने गुरुग्राम के विकास में अहम भूमिका निभाई। मारुति और डीएलएफ का योगदान भी उल्लेखनीय रहा। आज गुरुग्राम केंद्र और राज्य सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला शहर है और यहां नगर निगम के पास भी 2 हजार करोड़ की एफडी है। खट्टर ने बताया कि मेट्रो कनेक्टिविटी में भारत अभी चीन और अमेरिका के बाद तीसरे स्थान पर है, लेकिन अगले दो वर्षों में भारत अमेरिका से भी आगे निकल जाएगा।

खट्टर ने केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे) और ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर पर भी प्रकाश डाला। इस प्रोजेक्ट से पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, बहादुरगढ़ और सोनीपत को जोड़ा जाएगा, जिससे लोगों को चंडीगढ़ जाने के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के रेजांग ला चौक पर मेट्रो जंक्शन बनेगा, जहां दिल्ली की ब्लू लाइन, गुरुग्राम की यलो लाइन और रैपिड मेट्रो जुड़ेंगी। यहां से मेट्रो का एक स्पर एयरपोर्ट तक भी जाएगा।

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पुराने और नए गुरुग्राम के बीच ऐसा अंतर था जैसे हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बीच हो। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने संतुलित विकास की दिशा में काम किया है।

मुख्यमंत्री ने शाम को उद्योगपतियों और स्टार्टअप जगत के साथ संवाद किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए विश्व स्तरीय इनक्यूबेटर (H-HUB) स्थापित करेगी। इसमें प्लग एंड प्ले कार्यस्थल, इनोवेशन लैब, प्रोटोटाइपिंग सेंटर और उच्च स्तरीय कंप्यूटिंग संसाधन उपलब्ध होंगे। साथ ही हरियाणा को सेमीकंडक्टर हब बनाने के लिए नई नीति लाई जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार गुरुग्राम और हरियाणा को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) की राजधानी बनाने पर काम कर रही है और इसके लिए विशेष नीति तैयार होगी। इस कदम से प्रदेश को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।