हांसी प्रॉपर्टी एडवाइजर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

हांसी में प्रॉपर्टी एडवाइजर सुभाष मलिक हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, एक आरोपी घायल, हथियार बरामद, चौथा आरोपी गिरफ्तार और जांच तेज।

हांसी प्रॉपर्टी एडवाइजर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

➤ पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी
➤ वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
➤ चौथा आरोपी गिरफ्तार, एक अन्य पुलिस रिमांड पर



हांसी में प्रॉपर्टी एडवाइजर स्व. सुभाष मलिक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच को निर्णायक मोड़ दे दिया है। पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन, भा.पु.से. के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ हांसी द्वारा की जा रही लगातार कार्रवाई के तहत पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ है, जबकि एक अन्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी पवन पुत्र हरगोविन्द और महेन्द्र पुत्र आशु, निवासी मध्य प्रदेश, से पूछताछ के दौरान आरोपी महेन्द्र ने वारदात में प्रयुक्त हथियार को छिपाने की जानकारी दी। इसके बाद सीआईए स्टाफ की टीम आरोपी को बरामदगी के लिए शेखपुरा क्षेत्र में लेकर गई।

बरामदगी के दौरान आरोपी महेन्द्र ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पहले चेतावनी दी, लेकिन आरोपी के न रुकने पर आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में आरोपी महेन्द्र के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पुलिस ने आरोपी महेन्द्र के कब्जे से देसी कट्टा .315 बोर, चार जिंदा रौंद और वारदात में प्रयुक्त खाली खोल बरामद कर नियमानुसार कब्जे में ले लिए हैं। इस कार्रवाई से पुलिस को हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े अहम सबूत हाथ लगे हैं।

दूसरे आरोपी पवन को माननीय न्यायालय में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, जिसके दौरान उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर और अहम जानकारियां सामने आएंगी।

इसी क्रम में पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्त चौथे आरोपी गुरदीप निवासी घिराये को भी गिरफ्तार कर लिया है। उससे भी पूछताछ जारी है। इससे पहले पुलिस द्वारा गुरमीत पुत्र सुरजभान निवासी भैणी महाराजपुर को पहले ही काबू किया जा चुका है।

हांसी पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानून के दायरे में रहते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी जांच की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।