रिश्वत मामले में नाम आने के बाद सीनियर IPS अफसर ने की आत्महत्या!

हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रिश्वत मामले में नाम आने और हालिया ट्रांसफर के बाद अफसर तनाव में थे। मौके से वसीयत और नोट बरामद हुआ।

रिश्वत मामले में नाम आने के बाद सीनियर IPS अफसर ने की आत्महत्या!

➤ हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मारी
➤ रोहतक में गनमैन पर रिश्वत मांगने की FIR, जांच में अफसर का नाम आने के बाद बढ़ा तनाव
➤ मौके से वसीयत और फाइनल नोट बरामद, पोस्टमॉर्टम पत्नी के जापान से लौटने के बाद


क्‍या रिश्वत मामले में नाम आने के बाद सीनियर IPS अफसर ने आत्महत्या की? कहीं मामला उनकी ट्रांसफर या प्रोमोश्‍न से तो नहीं जुड़ा?  हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार के सुसाइड के मामले में पुलिस इन पहलुओं पर भी जांच कर रही है। सीनियर आईपीएस अफसर ने  सेक्टर-11 स्थित अपनी सरकारी कोठी नंबर 116 में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने PSO की सर्विस पिस्टल से गोली चलाई। घटना के बाद पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई।

वाई पूरन कुमार की डेडबॉडी को चंडीगढ़ के सेक्टर 16 में स्थित अस्पताल में ले जाते हुए।

दो दिन पहले रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की FIR दर्ज की गई थी। आरोप था कि सुशील ने एक शराब कारोबारी से दो से ढाई लाख रुपये मंथली रिश्वत मांगी थी। ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद सुशील को गिरफ्तार कर लिया गया था। पूछताछ में उसने वाई पूरन कुमार का नाम लिया। इसी मामले को लेकर अफसर काफी तनाव में थे।

वाई पूरन कुमार की कोठी पर मौजूद पुलिस अधिकारी और लोग।
सरकार ने हाल ही में वाई पूरन कुमार को रोहतक रेंज IG पद से हटाकर PTC सुनारिया में IG नियुक्त किया था। पुलिस महकमे में इसे एक पनिशमेंट ट्रांसफर के रूप में देखा जा रहा था। बताया जा रहा है कि इस बदलाव के बाद वे मानसिक दबाव में आ गए थे।


चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से देर शाम जारी प्रेस नोट के मुताबिक, मौके से एक वसीयत और एक फाइनल नोट बरामद किया गया है। हालांकि नोट की सामग्री को लेकर प्रशासन ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल शव को सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। उनकी पत्नी के 8 अक्टूबर को जापान से लौटने के बाद मेडिकल बोर्ड बनाकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा


जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में वाई पूरन कुमार और उनकी बेटी मौजूद थे। सुबह वे साथ थे, लेकिन थोड़ी देर बाद अफसर बेसमेंट में चले गए और वहीं खुद को गोली मार ली। बेटी जब नीचे गई तो उसने पिता को खून से लथपथ पाया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

वाई पूरन कुमार ने इस कोठी की खुद को गोली मारकर सुसाइड किया।
सेक्टर-11 थाना पुलिस को दोपहर करीब 1:30 बजे कॉल मिली। फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बेसमेंट से 32 बोर पिस्टल बरामद की गई। पूरी जगह की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई गई।


कोठी के बाहर तैनात गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। सामने चल रहे निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने बताया कि उन्होंने कोई गोली चलने की आवाज नहीं सुनी। जब पुलिस की कई गाड़ियां पहुंचीं, तभी उन्हें पता चला कि किसी बड़े अफसर ने सुसाइड कर लिया है।


वाई पूरन कुमार पहले भी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने एक बार SC अफसरों की फील्ड पोस्टिंग में भेदभाव का मुद्दा उठाया था। हाल ही में नई इनोवा कार न मिलने पर उन्होंने सरकारी वाहन भी लौटाया था। उनके स्वभाव को लेकर विभाग में उन्हें एक सख्त और आत्मसम्मानी अधिकारी माना जाता था।