बिजली सस्ती! नाइट टाइम टैरिफ लागू: HT उपभोक्ताओं को अब 3 रुपये प्रति यूनिट छूट
हरियाणा सरकार ने HT उद्योगों के लिए नाइट टाइम टैरिफ लागू किया। रात 10 बजे से सुबह 5:30 बजे तक 3 रुपये प्रति यूनिट छूट मिलेगी। योजना 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।
• हरियाणा में रात 10 बजे से सुबह 5:30 बजे तक उद्योगों को 3 रुपये प्रति यूनिट सस्ती बिजली मिलेगी
• 31 मार्च 2026 तक लागू योजना, स्मार्ट मीटर अनिवार्य
• बड़े उद्योगों को नाइट टाइम बिजली उपयोग बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन
हरियाणा सरकार ने राज्य के उद्योग मालिकों को बड़ी राहत देते हुए रात के समय बिजली उपयोग पर विशेष नाइट टाइम टैरिफ लागू कर दिया है। यह योजना हाईटेंशन (HT) कनेक्शन वाले उद्योगों पर लागू होगी, जो रात 10 बजे से सुबह 5:30 बजे तक चलेंगे। योजना के तहत ऐसे उद्योगों को प्रति यूनिट 3 रुपये की छूट 31 मार्च 2026 तक दी जाएगी।
इस संदर्भ में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने आदेश जारी कर दिए हैं। वर्तमान में 66 केवी लाइन वाले उद्योगों को 6.75 रुपये प्रति यूनिट चार्ज देना पड़ता है। नई योजना लागू होने के बाद यह दर घटकर 3.75 रुपये प्रति यूनिट रह जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए स्मार्ट मीटर का होना अनिवार्य है। यदि विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर न लगाया गया हो, तो उपभोक्ता स्वयं निर्धारित मानकों के अनुसार मीटर लगवा सकते हैं। यदि उपभोक्ता का मीटर योजना के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो उसे नाइट टैरिफ का लाभ नहीं दिया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक उद्योगों को संबंधित बिजली कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन मिलने के बाद तीन दिन के भीतर स्वीकृति की सूचना उपभोक्ता को दे दी जाएगी। ऊर्जा विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नाइट टैरिफ चुनने वाले उपभोक्ताओं के बिल निर्धारित रियायती दरों पर ही तैयार किए जाएं, ताकि उन्हें समय पर पूरी छूट मिल सके।
उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों की मानें तो योजना अच्छी है, लेकिन अवधि कम है। हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव राज चावला ने कहा कि नाइट टाइम टैरिफ योजना नवंबर से मार्च तक के लिए पहले भी लागू रही है। सरकार को इसकी अवधि बढ़ानी चाहिए ताकि अधिक उद्योग इसका लाभ ले सकें। कम समय में बड़े उद्योगों के संचालन समय और मैनपावर व्यवस्था में बदलाव करना मुश्किल होता है, ऐसे में कम इंडस्ट्री को ही फायदा मिल पाता है।
Author1