हरियाणा पुलिस में हो तो सॉरी, प्लीज, थैंक्यू बोलो-डीजीपी ओपी सिंह ने सभी पुलिस आयुक्तों, SPs और SHOs को निर्देश

डीजीपी ओपी सिंह ने हरियाणा पुलिस में सुधार की घोषणा की। थानों की हालत सुधारने, पुलिसकर्मियों के कल्याण और जनता के साथ शिष्ट व्यवहार को प्राथमिकता दी जाएगी।

हरियाणा पुलिस में हो तो सॉरी, प्लीज, थैंक्यू बोलो-डीजीपी ओपी सिंह ने सभी पुलिस आयुक्तों, SPs और SHOs को निर्देश
  • पुलिसकर्मी जनता से शिष्ट और सौम्य व्यवहार करेंगे

  • थानों और चौकियों की सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं में सुधार होगा

  • सभी निर्देशों को पूरा करने के लिए 14 दिन का टाइम दिया गया



हरियाणा पुलिस की कार्यशैली में बड़ा बदलाव आने वाला है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित रिव्यू मीटिंग में डीजीपी ओपी सिंह ने सभी पुलिस आयुक्तों, SPs और SHOs को निर्देश दिए कि अब पुलिसकर्मी जनता के प्रति हमेशा शिष्ट और सौम्य व्यवहार करें। बैठक में डीजीपी ने विशेष रूप से कहा कि पुलिसकर्मी बातचीत में “प्लीज, सॉरी, थैंक्यू” जैसे शब्दों का प्रयोग करें, ताकि जनता का भरोसा बढ़े और पुलिस की छवि मजबूत बने।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस अब प्रोएक्टिव और समाधानकेंद्रित होगी। उन्होंने थानों और चौकियों की स्थिति सुधारने के लिए हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन (HPHC) को आदेश दिए कि 14 दिन के भीतर सभी थानों में रसोई, शौचालय, बिजली, सुरक्षा और सफाई की स्थिति ठीक की जाए। इंजीनियरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर थाना जाकर निरीक्षण करें और रिपोर्ट दें।

शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के कल्याण पर भी डीजीपी ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों की मदद में कोई देरी नहीं होनी चाहिए और हर 15 दिन में उनकी स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जाए।

डीजीपी ने कहा कि पुलिसकर्मी गलतियों के बावजूद अनुशासनहीनता या बदमाशी नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा पुलिस 24 घंटे, 365 दिन जनता की सेवा में तत्पर है। जनता के साथ अच्छा व्यवहार, सहयोग और पारदर्शिता पुलिस की प्राथमिकता होगी।

सोशल मीडिया पर सतर्कता को भी डीजीपी ने अहम बताया। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और पुलिस विरोधी गलत सूचना पर नजर रखी जाएगी। अधिकारी रोजाना सोशल मीडिया या टीवी के माध्यम से जनता से संवाद करें।

डीजीपी ने निर्देश दिए कि सभी थाने और चौकियां मिलकर काम करें, साझा रणनीति बनाएं और अपराध रोकने में सहयोग दें। नए पुलिस सब-इंस्पेक्टरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया ताकि वे वास्तविक पुलिसिंग सीखें।

डीजीपी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि रेप मामलों में 50 प्रतिशत की कमी आई है और कुल अपराधों में गिरावट दर्ज हुई है। नए आपराधिक कानूनों का सफल क्रियान्वयन गृह मंत्री ने सराहा है। CCTNS (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) में हरियाणा देश में शीर्ष पर है।

अनुशासन और जिम्मेदारी पर डीजीपी ने कहा कि विभाग पहले, सुविधा बाद में। संवेदनशील इलाकों में अधिकारी बिना सूचना के छुट्टी पर न जाएं। SHO को छुट्टी से पहले IG को और SP को ADG (L&O) को सूचित करना होगा। उनका लक्ष्य है कि हर पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे, जनता निडर रहे और हर थाना जनता के भरोसे का प्रतीक बने।